लाडपुरा (शिव लाल जांगिड़ / स्मार्ट हलचल)। कस्बे के लाडपुरा चौराहे और भैरूजी मंदिर के समीप खाल (एनिकट) में एक साथ करीब 500 मछलियों के मृत मिलने के मामले में प्रशासन हरकत में आ गया है। ‘स्मार्ट हलचल’ द्वारा इस जल त्रासदी और भयंकर बदबू की खबर को प्रमुखता से प्रकाशित किए जाने के बाद प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
खबर छपने के बाद मौके पर पहुंची कनिष्ठ अभियंता
गौरतलब है कि 2 मई को स्मार्ट हलचल ने इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाते हुए पानी में जहर मिलाने की ग्रामीणों की आशंका को प्रकाशित किया था। खबर के प्रकाशन के बाद प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड हरकत में आया। बोर्ड की कनिष्ठ अभियंता शिल्पा सोमानी तुरंत मौके पर पहुंचीं। उन्होंने घटनास्थल का मौका मुआयना किया और जांच के लिए खाल के पानी का सैंपल लिया।
लैब रिपोर्ट से खुलेगा मौत के असली कारणों का राज
प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी ने बताया कि पानी के सैंपल ले लिए गए हैं, जिन्हें परीक्षण के लिए लेबोरेटरी में भेजा जा रहा है। पानी में प्रदूषण से ऑक्सीजन की कमी हुई या कोई विषैला पदार्थ मिलाया गया था, इसका स्पष्ट खुलासा लैब की जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
स्मार्ट हलचल की खबर के इस असर से स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है और दोषियों पर कार्रवाई की उम्मीद जताई है।
