सोशल मीडिया पर ‘मच्छर की सर्विस’ लिखकर दहशत फैलाना पड़ा भारी; ब्यावर पुलिस ने रीलबाज को दबोचा

अनिल कुमार

ब्यावर। स्मार्ट हलचल|इंस्टाग्राम पर फॉलोअर्स बढ़ाने और आमजन में खौफ पैदा करने के लिए मारपीट का फर्जी वीडियो वायरल करने वाले एक शातिर युवक को जवाजा थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी ने अपने ही मौसेरे भाई के साथ मारपीट का नाटक कर वीडियो बनाया और उस पर ‘मच्छर की सर्विस’ लिखकर सोशल मीडिया पर साझा किया था।

दहशत फैलाकर फॉलोअर्स बढ़ाने का था जुनून
जिला पुलिस अधीक्षक रतन सिंह (IPS) के निर्देशानुसार जिले में सोशल मीडिया पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। इसी क्रम में 3 मई 2026 को इंस्टाग्राम पर एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें एक युवक बेरहमी से मारपीट करता नजर आ रहा था। पुलिस ने जब जांच शुरू की और मुखबिरों को वीडियो दिखाया, तो आरोपी की पहचान विक्रम सिंह पुत्र भगवानसिंह रावत (निवासी नया गांव, जवाजा) के रूप में हुई।

पूछताछ में खुला राज: ‘फेम’ के लिए रची गई साजिश
थानाधिकारी डॉ. नवल किशोर के नेतृत्व में जब पुलिस ने विक्रम सिंह को हिरासत में लेकर पूछताछ की, तो चौंकाने वाला खुलासा हुआ। आरोपी ने बताया कि:

उसने वास्तव में कोई मारपीट नहीं की थी।

वीडियो में दिखने वाला दूसरा युवक उसका मौसेरा भाई हरदयाल सिंह है।

दोनों ने मिलकर 24 अप्रैल को एक शादी समारोह के दौरान केवल फॉलोअर्स बढ़ाने और इलाके में दहशत (भय) पैदा करने के लिए यह नाटक रचा था।

अपराधिक रिकॉर्ड और सख्त चेतावनी
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी विक्रम सिंह का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी रहा है। उसके विरुद्ध पूर्व में भी बीएनएस (BNS) की गंभीर धाराओं में मामले दर्ज हैं।

ब्यावर पुलिस की अपील:
“सोशल मीडिया पर कानून-व्यवस्था बिगाड़ने या किसी भी प्रकार का भय पैदा करने वाले कंटेंट पोस्ट करना अपराध है। इस वीडियो को स्टेटस पर लगाने और शेयर करने वाले अन्य लोगों को भी चिन्हित किया जा रहा है, उन पर भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।”