रामपुर में लेपर्ड का आतंक, बाड़े में घुसकर बछड़े का किया शिकार

बानसूर।स्मार्ट हलचल|क्षेत्र के रामपुर कस्बे में मंगलवार देर रात एक लेपर्ड ने जांगिड़ मोहल्ले में एक बाड़े में घुसकर बछड़े का शिकार कर लिया। इस घटना के बाद पूरे इलाके में ग्रामीणों के बीच दहशत और चिंता का माहौल बना हुआ है। ग्राम पंचायत प्रशासक मुकेश जिलोवा ने बताया कि यह घटना पवन जांगिड़ के बाड़े में हुई। उन्होंने बताया कि पिछले करीब एक माह से कस्बे के आबादी क्षेत्र में लेपर्ड की लगातार आवाजाही देखी जा रही है, जिससे ग्रामीणों में भय बना हुआ है। ग्रामीणों के अनुसार, कुछ दिन पहले भी लेपर्ड को रात के समय कस्बे की गलियों में घूमते हुए देखा गया था, जिसका सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया था। इसके बाद वन विभाग ने लेपर्ड को पकड़ने के लिए क्षेत्र में पिंजरा लगाया, लेकिन अभी तक उसे पकड़ने में सफलता नहीं मिली है।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम को अवगत करा दिया गया है। ग्रामीणों ने विभाग से मांग की है कि लेपर्ड को जल्द से जल्द पकड़कर सुरक्षित स्थान पर छोड़ा जाए, ताकि क्षेत्र में सामान्य स्थिति बहाल हो सके और लोगों का डर खत्म हो।