बस स्टैंड के सामने तलवारबाजी का मामला: दंपति गिरफ्तार, तीसरा आरोपी फरार,सिगरेट नहीं देने पर किया था जानलेवा हमला

पुनित चपलोत
भीलवाड़ा // शहर के रोडवेज बस स्टैंड के सामने युवक पर तलवार से हमला करने के सनसनीखेज मामले में भीमगंज थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक दंपति को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अब इस वारदात में शामिल एक अन्य फरार आरोपी की सरगर्मी से तलाश कर रही है

जांच अधिकारी एएसआई कृष्ण गोपाल ने बताया कि घटना 2 मई की रात करीब 12:17 बजे की है। पीड़ित राहुल (20) पुत्र राजेंद्र वैष्णव, जो वर्तमान में संजय कॉलोनी का निवासी है, महात्मा गांधी अस्पताल की कैंटीन से चाय पीकर बस स्टैंड के पास बैठा था। इसी दौरान आरोपी ओमप्रकाश और उसकी पत्नी सुमन उर्फ दिव्या वहां पहुंचे। आरोपियों ने पहले राहुल से सिगरेट मांगी और इनकार करने पर कपड़े में छिपाई हुई तलवार निकालकर उस पर टूट पड़े।

बदमाशों ने राहुल पर ताबड़तोड़ वार किए, जिससे उसके हाथ और पैर बुरी तरह कट गए। हमले के बाद राहुल अचेत होकर गिर पड़ा, जिसे गंभीर हालत में महात्मा गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया। पीड़ित के शरीर पर 8 टांके आए हैं। इस पूरी वारदात का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसने शहर में कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए थे।

पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए एफसीआई गोदाम के पास रहने वाले ओमप्रकाश (28) पुत्र गोपाल और उसकी पत्नी सुमन उर्फ दिव्या (27) को दबोच लिया है। दोनों को अदालत में पेश किया गया, जहां से आरोपी ओमप्रकाश को पुलिस रिमांड पर लिया गया है, जबकि उसकी पत्नी सुमन को जेल भेज दिया गया है। पुलिस इस मामले में शामिल तीसरे आरोपी की तलाश में जगह-जगह दबिश दे रही है।