फिल्मी अंदाज में पीछा कर एएनटीएफ ने दबोचे नशा तस्कर, 45 किलो डोडा पोस्त बरामद

छोटी सादड़ी से मारवाड़ ले जाई जा रही थी खेप, हाईवे पर घेराबंदी कर पकड़ी डिजायर कार; दो आरोपी गिरफ्तार

पुनित चपलोत

भीलवाड़ा // नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एएनटीएफ ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 45 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ डोडा पोस्त बरामद किया है। साथ ही एक स्विफ्ट डिजायर कार जब्त कर दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। कार्रवाई फिल्मी अंदाज में पीछा कर की गई, जिससे तस्करों के मंसूबों पर पानी फिर गया।
एएनटीएफ महानिरीक्षक पुलिस विकास कुमार ने बताया कि अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस दिनेश एम.एन. के मार्गदर्शन तथा उप महानिरीक्षक अभिजीत सिंह और पुलिस अधीक्षक अमित जैन के नेतृत्व में एएनटीएफ भीलवाड़ा टीम ने यह कार्रवाई अंजाम दिया।

*फिल्मी स्टाइल में पीछा, कच्चे रास्ते पर भागे तस्कर,घेराबंदी कर पकड़ा*

सूचना के आधार पर एएनटीएफ भीलवाड़ा टीम ने मांडल क्षेत्र में एनएच-79 (दिल्ली-मुंबई 6 लेन हाईवे) पर घेराबंदी की। जैसे ही संदिग्ध सफेद डिजायर कार नजर आई, उसे रुकने का इशारा किया गया, लेकिन चालक ने कार तेज गति से भगा दी।

दो टीमों ने पीछा करते हुए आगे-पीछे से घेर लिया। खुद को फंसता देख तस्करों ने कार को सर्विस लाइन से कच्चे रास्ते पर उतार दिया, लेकिन आगे रास्ता बंद होने पर कार छोड़कर भागने लगे। टीम ने घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को मौके पर ही दबोच लिया।
*कार से बरामद हुआ मादक पदार्थ*
मांडल पुलिस को मौके पर बुलाकर कार की तलाशी ली गई, जिसमें भारी मात्रा में डोडा पोस्त मिला। पुलिस ने करीब 45 किलो अवैध मादक पदार्थ और कार को जब्त कर लिया।

*गिरफ्तार आरोपी*
जगदीश (19), निवासी घेवड़ा शिव नगर, ओसियां, जोधपुर ग्रामीण
श्रवण कुमार (35), निवासी भवाद, कडवड़, जोधपुर

*मारवाड़ ले जाई जा रही थी खेप*
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि तस्कर छोटी सादड़ी (प्रतापगढ़) से डोडा पोस्त लेकर मारवाड़ की ओर जा रहे थे, लेकिन एएनटीएफ की सतर्कता से पहले ही पकड़ में आ गए।
*नशा तस्करों के खिलाफ अभियान जारी*
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि प्रदेश में नशा तस्करी के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और ऐसे तस्करों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।