कम वोल्टेज एवं बिजली आपूर्ति को लेकर ग्रामीण परेशान, जनजीवन प्रभावित

लाखेरी -स्मार्ट हलचल|उपखंड क्षेत्र के देईखेड़ा की रेल्वे पार की बस्ती चक मालिक पूरा के ग्रामीणों ने बिजली आपूर्ति में आ रही समस्याओं को लेकर विभाग के सहायक अभियन्ता लाखेरी को ज्ञापन सौंपा है। ज्ञापन में बस्ती के उपभोक्ताओं ने नियमित व सुचारू विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए फीडर बदलने की मांग उठाई है। ग्रामीण मुकेश मीणा, प्रह्लाद मीणा, रमेश गुर्जर, रघुनंदन गौतम आदि
ग्रामीणों ने अधिशासी अभियंता संदीप मालवीय के नाम सहायक अभियंता लाखेरी श्रीलाल जाटव को सोपे ज्ञापन में बताया कि वर्तमान में बस्ती व घाट का बराणा स्टेशन में बिजली आपूर्ति छप्पन पूरा फीडर से की जा रही है, जिस पर बहुत लंबी लाइन व आधा दर्जन गांवों की आपूर्ति का भार होने के कारण बार-बार बाधित हो रही है। इससे आमजन के साथ-साथ किसानों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। विशेष रूप से गर्मी के मौसम में लंबे समय तक बिजली कटौती से जनजीवन प्रभावित हो रहा है। ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि मौजूदा फीडर पर अधिक भार होने के कारण कम वोल्टेज की समस्या बनी रहती है, जिससे घरेलू उपकरण भी प्रभावित हो रहे हैं। ग्रामीणों ने स्थिति को देखते हुए बस्ती की बिजली आपूर्ति को वर्तमान फीडर से हटा कर नोताडा फीडर से जोड़ने की मांग की गई, ताकि बिजली आपूर्ति सुचारू हो सके।
ज्ञापन पर क्षेत्र के कई लोगों के हस्ताक्षर भी किए गए हैं।