सिवाना. स्मार्ट हलचल|शिक्षा विभाग में नवाचारों को बढ़ावा देने की दिशा में अंत्योदय फाउंडेशन द्वारा सरकारी विद्यालयों में खिलौना बैंक की स्थापना को लेकर तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। इस अभिनव पहल का उद्देश्य बच्चों को खेल-खेल में सीखने के अवसर प्रदान कर उनकी रचनात्मक सोच को विकसित करना है, ताकि पढ़ाई बोझ नहीं बल्कि आनंद का माध्यम बने।फाउंडेशन के संस्थापक महेंद्र मेहता ने बताया कि खिलौना बैंक की अवधारणा बच्चों के सर्वांगीण विकास को ध्यान में रखकर तैयार की गई है। इससे बच्चों में सीखने की रुचि बढ़ेगी और उनका मानसिक, शारीरिक व भावनात्मक विकास मजबूत होगा। उन्होंने कहा कि खेल आधारित शिक्षण पद्धति से बच्चों की कल्पनाशक्ति, एकाग्रता और समस्या-समाधान क्षमता में सकारात्मक बदलाव देखने को मिलेगा।जिला संयोजक कैलाशसिंह राजपुरोहित घाणा ने जानकारी देते हुए बताया कि उपखंड क्षेत्र के सरकारी विद्यालयों में खिलौना बैंक स्थापित करने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं। जल्द ही विद्यालयों में खिलौनों की उपलब्धता सुनिश्चित कर बच्चों को इसका लाभ दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस पहल से विद्यालयों में उपस्थिति बढ़ेगी और शिक्षा के प्रति बच्चों का रुझान और मजबूत होगा।
खिलौना बैंक में बच्चों के लिए विभिन्न प्रकार के शैक्षिक एवं मनोरंजक खिलौने शामिल किए गए हैं। इनमें अल्फा न्यूमेरो बोर्ड, जम्बो इंडिया मैप, वन प्ले ब्लॉक्स, मिसिंग लेटर, इलेक्ट्रो एजुकेशनल गेम्स, मैच द नंबर, फ्रॉक जाइलोफोन, कलर टॉय बॉक्स, पार्ट्स ऑफ बॉडी, गेम द ग्रेट परफेक्शन, गेम फिक्स पिक्चर, ब्लॉक्स मैग्नेटिक स्लेट, टॉय बास्केटबॉल गेम, विभिन्न प्रकार के पजल गेम्स सहित टेनिस बॉल और अन्य उपयोगी खिलौने शामिल हैं।शिक्षाविदों का मानना है कि खिलौना बैंक जैसी पहल से प्राथमिक स्तर के बच्चों में सीखने की नींव मजबूत होगी और विद्यालय एक आनंददायक शिक्षण केंद्र के रूप में विकसित होंगे। स्थानीय अभिभावकों और शिक्षकों ने भी इस प्रयास की सराहना करते हुए इसे बच्चों के भविष्य के लिए अत्यंत उपयोगी बताया है।अंत्योदय फाउंडेशन ने स्कूली बच्चों की शैक्षिक मदद के क्रम में अब तक पूरे देश में दो हजार से ज्यादा खिलौना बैंक खोले जा चुके है और सैकड़ों विद्यालयों में स्मार्ट टीवी, प्रोजेक्टर आदि भेंट किए है साथ ही हजारों बच्चो तक कपड़े, जूते, खिलौने और दिव्यांग बच्चों तक व्हीलचेयर पहुंचा कर इनकी मदद की जा रही हैं।
खिलौना बैंक स्थापना के लिए अंत्योदय फाउंडेशन की तैयारी पूर्ण सिवाना खिलौनों से बच्चों के सपनों को लगेंगे पंख, अब खेल-खेल में होगी पढ़ाई
Published on










