भीलवाड़ा । जिले में ऑनलाइन आईपीएल सट्टे के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग ठिकानों पर दबिश देकर संगठित सट्टा रैकेट का भंडाफोड़ किया है। कार्रवाई में 34 मोबाइल, 4 लैपटॉप, 2 टैबलेट, 3 पेन ड्राइव, नोट गिनने की मशीन और 1.81 लाख रुपये नकद जब्त किए गए हैं। पुलिस ने मौके से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पारसमल जैन के मार्गदर्शन और शहर वृत्ताधिकारी सज्जन सिंह के सुपरविजन में डीएसटी और प्रतापनगर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की। पुलिस को सूचना मिली थी कि चन्द्रशेखर आजाद नगर स्थित दो मकानों में आईपीएल मैच (चेन्नई बनाम दिल्ली) पर ऑनलाइन सट्टा संचालित किया जा रहा है। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम ने दोनों ठिकानों पर एक साथ छापा मारा। पहले मकान से मोबाइल, लैपटॉप, डायरी, रजिस्टर और सट्टे का पूरा हिसाब-किताब बरामद हुआ, जबकि दूसरे ठिकाने से बड़ी संख्या में मोबाइल, लैपटॉप और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त किए गए।
कार्रवाई में शुभम न्याति, लक्ष्मण दुलानी और रवि शंकर मोदी को गिरफ्तार किया गया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए करोड़ों रुपये का सट्टा संचालन कर रहे थे।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बीएनएस, जुआ अधिनियम और आईटी एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। साथ ही सट्टे के नेटवर्क और अन्य जुड़े लोगों की तलाश भी जारी है।
ये हुए गिरफ्तार
1. शुभम न्याति पुत्र सुनिल न्याति उम्र 27 साल निवासी म.न. 7बी14 चन्द्रशेखर आजादनगर भीलवाडा पुलिस थाना प्रतापनगर जिला भीलवाडा
2. लक्ष्मण दुलानी पुत्र स्व0 राधाकृष्ण दुलानी उम्र 45 साल निवासी मलुसर रोड पहाडगंज अजमेर थाना क्लाक टावर अजमेर हाल किरायेदार सियाराम नगर पवन जी के मकान में चन्द्रबरदाई नगर थाना रामगंज जिला अजमेर,
3. रवि शंकर मोदी पुत्र रमेश चन्द्र जाति माहेश्वरी उम्र 33 साल निवासी ग्राम सबा बराही पोस्ट सिकरोरी तहसील संदिला थाना अतरोली जिला हरदौई उत्तरप्रदेश हाल किरायेदार 7 बी 32 चन्द्रशेखर आजादनगर जिला भीलवाडा
