अविनाश मीणा
घाड़ (देवली), टोंक|स्मार्ट हलचल|घाड़ कस्बे के मुख्य बाजार को दूनी रोड से जोड़ने वाले खेड़ेश्वर महादेव मंदिर मार्ग पर स्थित नाले की पट्टी पिछले दो महीने से क्षतिग्रस्त पड़ी है। इस टूटे नाले के कारण राहगीरों, स्कूली बच्चों और श्रद्धालुओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। प्रशासन की अनदेखी से ग्रामीणों में नाराजगी है।ग्रामीणों के अनुसार, लगभग दो महीने पहले रात के समय बजरी से भरे एक अनियंत्रित ट्रैक्टर ने इस नाले की पट्टी को तोड़ दिया था। तब से लेकर आज तक इसकी मरम्मत नहीं की गई है। स्थानीय निवासी मोहन और फोरु सैनी ने बताया कि शिकायत के बावजूद अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।
यह मार्ग कई शिक्षण संस्थानों और धार्मिक स्थलों को जोड़ता है। इस रास्ते पर एक सरकारी स्कूल और दो प्राइमरी स्कूल स्थित हैं, जहाँ से छोटे बच्चे रोजाना गुजरते हैं। टूटे नाले के कारण कई बच्चे गिरकर घायल हो चुके हैं।
कस्बे का प्राचीन श्री खेड़ेश्वर महादेव मंदिर और तेजाजी महाराज का मंदिर भी इसी रास्ते पर स्थित हैं। सुबह की आरती से लेकर देर रात तक यहाँ भक्तों की आवाजाही रहती है, जिन्हें अंधेरे में टूटे नाले से बचकर निकलना पड़ता है।
वर्तमान में, इस मार्ग से केवल दोपहिया वाहन ही बड़ी मुश्किल से निकल पा रहे हैं, जबकि चार पहिया वाहनों का आवागमन पूरी तरह बंद हो गया है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द से जल्द खेड़ेश्वर महादेव मंदिर मार्ग के इस नाले की पट्टी की मरम्मत करवाने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते समाधान नहीं हुआ, तो वे विरोध प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।
