“गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं”-अधिकारियों को चेतावनी
रायपुर करेड़ा मार्ग के निरीक्षण से मचा हड़कंप
मूलचंद पेसवानी
भीलवाड़ा, स्मार्ट हलचल|राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी बुधवार को अचानक एक्शन मोड में नजर आईं। रायपुर में समारोह के बाद उन्होंने राजकीय राजमार्ग-75 पर भिंडर से रामगढ़ (वाया गंगापुर-रायपुर-करेड़ा) तक चल रहे सड़क सुदृढ़ीकरण कार्य का मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्य में गुणवत्ता संबंधी खामियां सामने आने पर उपमुख्यमंत्री का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने ठेकेदारों व संबंधित अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई।
निरीक्षण के दौरान उपमुख्यमंत्री ने साफ शब्दों में कहा कि सड़क निर्माण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या घटिया सामग्री का उपयोग बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य तय समय-सीमा में और उच्च गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पूरा कराया जाए।
दिया कुमारी ने मौके पर मौजूद अधिकारियों से कार्य की प्रगति रिपोर्ट भी ली और कहा कि जनता की सुविधा से जुड़े विकास कार्यों में पारदर्शिता और गुणवत्ता सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि निर्माण कार्य में दोबारा लापरवाही मिली तो जिम्मेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि सड़क सुदृढ़ीकरण कार्य पूरा होने के बाद क्षेत्र के लोगों को बेहतर और सुरक्षित यातायात सुविधा मिलेगी। इससे न केवल आवागमन आसान होगा बल्कि व्यापार, रोजगार और क्षेत्रीय विकास को भी नई गति मिलेगी। निरीक्षण के दौरान प्रशासनिक और सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधिकारियों में भी हड़कंप की स्थिति देखने को मिली। स्थानीय लोगों ने उपमुख्यमंत्री की इस सख्ती को जनहित में बड़ा कदम बताया।
