नीरज मीणा
महवा। स्मार्ट हलचल/विधानसभा क्षेत्र के मंडावर उपखंड के समीप ग्राम नांगल मीना में आयोजित नांगल मीणा प्रीमियर लीग 2026 की भव्य रात्रिकालीन टेनिस बॉल क्रिकेट प्रतियोगिता एवं रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम का शुभारंभ बड़े उत्साह और धूमधाम के साथ हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में महवा विधायक राजेन्द्र मीणा शामिल हुए, जहां ग्रामीणों ने उनका आत्मीय, भव्य एवं जोशीला स्वागत किया।
कार्यक्रम के दौरान पूरे मैदान में उत्साह का माहौल देखने को मिला। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया, वहीं युवाओं और खिलाड़ियों में प्रतियोगिता को लेकर खासा जोश दिखाई दिया। विधायक राजेन्द्र मीणा ने कहा कि खेल प्रतियोगिताएं युवाओं को आगे बढ़ाने के साथ-साथ समाज में भाईचारा और एकता का संदेश देती हैं। उन्होंने कहा कि गांवों में इस प्रकार के आयोजन सामाजिक समरसता और प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने का कार्य करते हैं।
खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए विधायक ने क्रिकेट प्रतियोगिता के लिए ₹51 हजार की सहयोग राशि देने की घोषणा की। साथ ही ग्राम नांगल मीना के विकास को लेकर बड़ी सौगात देते हुए राजकीय विद्यालय में कक्षा कक्ष निर्माण हेतु ₹15 लाख एवं हाई मास्क लाइट लगाने के लिए ₹5 लाख की घोषणा की। विधायक की इन घोषणाओं पर ग्रामीणों और युवाओं ने जोरदार तालियों के साथ स्वागत किया।
राजेन्द्र मीणा ने ग्रामवासियों के प्रेम और स्नेह के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि क्षेत्र की जनता का विश्वास और समर्थन ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है। कार्यक्रम के दौरान गांव में उत्सव जैसा माहौल बना रहा और देर रात तक सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रंगारंग प्रस्तुतियां लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी रहीं।
इस मौके पर पूर्व सरपंच मुरारी लाल मीणा, रोशन टहलडी,रोशन हवलदार, पूर्व सरपंच अमरचंद बागड़ी, वीर गांव सरपंच भूजपाल मीणा, पूर्व सरपंच गणधारी लाल मीणा, सतीश नौरंगपुरा, ब्राह्मण समाज अध्यक्ष संतोष महन्त, युवा ब्राह्मण अध्यक्ष अवधेश शर्मा, सरपंच संघ अध्यक्ष लल्लू सरपंच, जसंवतसिंह सरपंच,राजन मीणा, पप्पू रसीदपुर, खुशीराम राजगढ़ सहित अनेक गणमान्य लोग और सैकड़ों महिलाएं एवं पुरुष मौजूद रहे थे।
