ड्रीम्स टू डेस्टिनी’ कार्यक्रम में सपनों को मिली नई उड़ान

उदयपुर, 7 मई। स्मार्ट हलचल|सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों के सपनों को नई दिशा देने वाले “ड्रीम्स टू डेस्टिनी” कार्यक्रम का गुरुवार को सफल आयोजन हुआ। ताज फतेह प्रकाश पैलेस एवं सैंडी ट्रैवेल टेल्स के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस विशेष पहल में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय वरडा एवं धार के 35 विद्यार्थियों ने भाग लेकर फाइव स्टार होटल का अनूठा अनुभव प्राप्त किया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने होटल इंडस्ट्री, हॉस्पिटैलिटी मैनेजमेंट और प्रोफेशनल कार्यसंस्कृति को करीब से देखा और समझा। आलीशान माहौल में पहुंचकर बच्चों के चेहरे उत्साह और खुशी से खिल उठे। कई विद्यार्थियों ने इसे अपने जीवन का “पहला और यादगार अनुभव” बताया।

कार्यक्रम की मुख्य आकर्षण लेफ्टिनेंट रक्षा राठौड़ रहीं, जिन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरणादायी संबोधन देते हुए बड़े सपने देखने, अनुशासन अपनाने और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया। उन्होंने सेना में अपने अनुभव साझा करते हुए विद्यार्थियों को लक्ष्य तय कर निरंतर प्रयास करने के लिए प्रेरित किया। वहीं ताज फतेह प्रकाश के जीएम देवव्रत सिंह ने भी बच्चों से आत्मीय संवाद कर उन्हें भविष्य में हॉस्पिटैलिटी और सेवा क्षेत्र में संभावनाओं की जानकारी दी।

कार्यक्रम में ख्यातनाम फैशन डिजाइनर विशाल राठौड़, राउमावि धार के प्राचार्य डॉ. सत्यनारायण सुथार, राउमावि वरड़ा के प्राचार्य संदीप आमेटा, सृजनधर्मी शिक्षक एवं शिल्पकार हेमंत जोशी, क्राफ्ट आर्टिस्ट नीलोफर मुनीर सहित अन्य शिक्षकगण उपस्थित रहे। सभी ने इस पहल को विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास और करियर जागरूकता के लिए अत्यंत उपयोगी बताया।

कार्यक्रम संयोजक संदीप राठौड़ ने कहा कि “ड्रीम्स टू डेस्टिनी” का उद्देश्य सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों को नए अनुभवों से जोड़कर उनके भीतर आत्मविश्वास और बड़े सपने देखने का साहस जगाना है। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने इस अनूठे अनुभव के लिए आयोजकों का आभार व्यक्त किया।