जन समस्याओं को लेकर कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने ईओ से की मुलाकात

स्मार्ट हलचल| गंगापुर शहर की विभिन्न जन समस्याओं को लेकर आज कांग्रेस का एक प्रतिनिधिमंडल नगर पालिका अधिशासी अधिकारी पंकज कुमार मंगलम से मिला। प्रतिनिधिमंडल ने शहर में बिगड़ती सफाई व्यवस्था, नालियों की सफाई नहीं होने तथा सड़कों पर बह रहे गंदे पानी की समस्या को प्रमुखता से उठाया।
प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि बोर्ड कार्यकाल समाप्त होने के बाद नगर पालिका द्वारा गौशाला में हरे चारे की व्यवस्था तथा श्मशान में शवदाह हेतु लकड़ियों की सुविधा बंद कर दी गई है, जिससे आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
बैठक के दौरान पूर्व पार्षदों ने अधिशासी अधिकारी से इन समस्याओं का शीघ्र समाधान करने की मांग की। श्मशान में लकड़ियां पुनः शुरू करने के विषय में अधिकारी द्वारा प्रारंभ में आनाकानी की गई, लेकिन पूर्व पार्षदों के आग्रह के बाद उन्होंने इस विषय पर पुनर्विचार करने का आश्वासन दिया। वहीं निराश्रित गौवंश को गौशाला में शिफ्ट करने की मांग भी रखी गई।
पूर्व पार्षद बंसीलाल रेगर ने हाथ जोड़कर अधिशासी अधिकारी से निवेदन करते हुए कहा कि श्मशान में लकड़ियां एवं गौशाला में हरे चारे की व्यवस्था पुनः शुरू की जाए, क्योंकि यह धर्म और मानवता से जुड़ा कार्य है।
अधिशासी अधिकारी पंकज कुमार मंगलम ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त करते हुए कहा कि सात दिवस के भीतर समस्याओं के समाधान का प्रयास किया जाएगा।
इस दौरान पूर्व पार्षद बंसीलाल रेगर, गोपाल जीनगर, गजेंद्र माली, रामप्रसाद माली नाथूलाल राधेश्याम शर्मा कपिल सहित अनेक नागरिक उपस्थित रहे।