गौ रक्षक बोले गौवंशो की इस तरह हो रही मौतें कतई बर्दाश्त नहीं
पुनित चपलोत
भीलवाड़ा // शहर के जमना विहार स्थित नगर निगम संचालित काइन हाउस में लगातार हो रही गौवंश की मौतों को लेकर गौसेवकों में भारी आक्रोश देखने को मिला। पिछले सात दिनों में 51 गौवंश की मौत होने का दावा करते हुए बड़ी संख्या में गौभक्त काइन हाउस के बाहर धरने पर बैठ गए। इस दौरान नगर निगम प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग उठाई गई। गौसेवकों ने चेतावनी दी है कि जब तक उनकी मांगें नहीं मान ली जाती, तब तक धरना जारी रहेगा।
श्रीराम गौ सेवा समिति के अध्यक्ष राम बाबु राव ने आरोप लगाते हुए कहा भीलवाड़ा शहर से पकड़कर लाए जा रहे गौवंश को क्षमता से अधिक संख्या में काइन हाउस में रखा जा रहा है। जहां काइन हाउस की क्षमता करीब 800 गौवंश की है, वहीं यहां 1000 से 1200 तक गौवंश ठूंस-ठूंसकर रखे जा रहे हैं। भीड़, चारे की कमी और आपसी लड़ाई के कारण रोजाना कई नंदी दम तोड़ रहे हैं। यह केवल लापरवाही नहीं बल्कि सनातन संस्कृति और गौसेवा की भावना पर गहरी चोट है। 1 मई से अब तक 51 गौवंश की मौत हो चुकी है। हम प्रशासन से उच्च स्तरीय जांच कराने, छोटे नंदियों को काइन हाउस में बंद करने पर रोक लगाने और गौवंश को अन्य गौशालाओं में शिफ्ट करने की मांग कर रहे है।
वहीं राष्ट्रीय गौ रक्षा वाहनी के जिलाध्यक्ष नानू राम तेली ने कहा कि काइन हाउस में ना पर्याप्त चारा-पानी की व्यवस्था है और ना ही इलाज की सुविधा। लगातार हो रही मौतों के बावजूद नगर निगम प्रशासन गंभीरता नहीं दिखा रहा है। जब तक अधिकारी मौके पर आकर संतोषजनक कार्रवाई का भरोसा नहीं देते, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
