अनिल कुमार
स्मार्ट हलचल|ब्यावर शहर में गहराते पेयजल संकट और जलदाय विभाग की कथित लापरवाही के खिलाफ शुक्रवार को आम आदमी पार्टी (AAP) ने मोर्चा खोल दिया। जिला अध्यक्ष शौकीन काठात के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने जलदाय विभाग के कार्यालय पहुंचकर अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा और समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की।
भीषण गर्मी में हैंडपंप खराब, जनता बेहाल
ज्ञापन में पार्टी ने मुख्य रूप से पृथ्वीराज चौहान स्टेडियम के पीछे स्थित मुमताज कॉलोनी और चंपानगर सहित कई अन्य क्षेत्रों का मुद्दा उठाया। बताया गया कि इन इलाकों में लंबे समय से हैंडपंप खराब पड़े हैं। भीषण गर्मी के इस मौसम में हैंडपंपों के बंद होने से स्थानीय निवासियों को पानी की एक-एक बूंद के लिए भारी संघर्ष करना पड़ रहा है।
एक तरफ किल्लत, दूसरी तरफ बर्बादी
आम आदमी पार्टी ने विभाग को आईना दिखाते हुए कहा कि कोटी चौक के पीछे पाइपलाइन में लीकेज होने के कारण रोजाना हजारों लीटर पेयजल व्यर्थ बह रहा है। कार्यकर्ताओं ने रोष व्यक्त करते हुए कहा कि एक ओर आम जनता पानी की कमी से जूझ रही है, वहीं विभाग की अनदेखी के कारण कीमती पानी सड़कों पर बह रहा है। इसके साथ ही शिवनगर कॉलोनी में अनियमित जलापूर्ति को लेकर भी विभाग को चेतावनी दी गई।
प्रमुख मांगें और चेतावनी
पार्टी ने प्रशासन के समक्ष निम्नलिखित मांगें रखी हैं:
सभी खराब हैंडपंपों की तत्काल मरम्मत की जाए।
लीकेज वाली पाइपलाइनों को तुरंत दुरुस्त किया जाए।
प्रभावित कॉलोनियों में नियमित और पर्याप्त जलापूर्ति सुनिश्चित हो।
“यदि प्रशासन ने जल्द ही इन समस्याओं पर ध्यान नहीं दिया, तो आम आदमी पार्टी जनता के हक के लिए सड़कों पर उतरकर उग्र आंदोलन करेगी।”
