रक्षपालपुर चौराहे पर नियमों की धज्जियां उड़ा रहा अंग्रेजी शराब ठेका, देर रात तक ओवररेट बिक्री के आरोप

खखरेरू /फतेहपुर।स्मार्ट हलचल|खखरेरू थाना क्षेत्र के रक्षपालपुर चौराहे पर स्थित अंग्रेजी शराब व बीयर की कंपोजिट दुकान पर निर्धारित समय के बाद भी बिक्री किए जाने का मामला सामने आया है। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि दुकान रात 10 बजे के बाद भी आधा शटर गिराकर और वैकल्पिक रास्तों से देर रात तक संचालित की जा रही है, जिससे आबकारी नियमों की खुलेआम अनदेखी हो रही है।
सूत्रों के अनुसार शासन द्वारा निर्धारित समय सीमा के बावजूद ठेका रात 11 बजे से लेकर कई बार आधी रात तक खुला रहता है।
चश्मदीदों का कहना है कि देर रात शराब खरीदने वालों की मजबूरी का फायदा उठाते हुए प्रिंट रेट से अधिक कीमत वसूली जा रही है। आरोप है कि विरोध करने पर ग्राहकों को ‘ऊपर तक सेटिंग’ होने की बात कहकर चुप करा दिया जाता है।
देर रात तक दुकान खुली रहने से रक्षपालपुर चौराहे पर असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगा रहता है, जिससे स्थानीय निवासियों और राहगीरों में असुरक्षा का माहौल बन गया है। शराबियों के शोर-शराबे और अभद्र व्यवहार से आसपास का वातावरण प्रभावित हो रहा है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि शराब बिक्री का समय रात 10 बजे तक निर्धारित है, तो इसके बाद बिक्री कैसे हो रही है। लोगों ने मामले में सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए प्रशासनिक निगरानी पर सवाल उठाए हैं।
इस संबंध में Uttar Pradesh Excise Department और पुलिस प्रशासन से जांच कर कार्रवाई की मांग की गई है।
इस संबंध में आबकारी निरीक्षक रमेश सिंह ने बताया कि जांच कर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी