31 मार्च तक विशेष अभियान, उपखंड स्तर पर सतर्कता समितियों के गठन के आदेश
भीलवाड़ा|स्मार्ट हलचल|जिला कलेक्टर जसमीत सिंह संधू के निर्देशानुसार गुरुवार को अतिरिक्त जिला कलेक्टर (प्रशासन) रणजीत सिंह की अध्यक्षता में जिला स्तरीय टास्क फोर्स, बाल श्रम टास्क फोर्स एवं बंधक श्रमिक सतर्कता समिति की बैठक आयोजित हुई।
बैठक में बाल श्रम व बंधक श्रमिकों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए। जुलाई 2009 के बाद स्थापित संस्थानों का सर्वे कर निरीक्षण आदेश जारी करने तथा शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्ति सुनिश्चित करने को कहा गया। साथ ही उपखंड अधिकारियों से समन्वय कर उपखंड स्तरीय बंधक श्रमिक सतर्कता समितियों का शीघ्र गठन करने के निर्देश दिए गए।
31 मार्च तक संचालित पैन इंडिया अभियान के तहत संवेदनशील संस्थानों का सर्वे कर अधिकाधिक बाल श्रमिकों को मुक्त कराने और प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना के शिविरों में असंगठित श्रमिकों का अधिक से अधिक पंजीयन कराने पर भी जोर दिया गया।
बैठक में उप श्रम आयुक्त शिवदयन सोलंकी, श्रम निरीक्षकगण तथा संबंधित विभागों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।










