शिवमय हुआ पिपली,निकली 500 कलशों की भव्य यात्रा

मंगरोप@मुकेश खटीक।क्षेत्र के पिपली गांव में शिव परिवार की मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा एवं मंदिर शिखर पर कलश स्थापना के उपलक्ष्य में शनिवार से पांच दिवसीय पंचम कुंडात्मक श्री रुद्र महायज्ञ का शुभारंभ हुआ।धार्मिक आयोजन को लेकर पूरे गांव में भक्तिमय माहौल बना हुआ है।आयोजनकर्ता समस्त ग्रामवासी पिपली द्वारा मंदिर परिसर को आकर्षक सजावट से सजाया गया है तथा ग्रामीणों में भारी उत्साह देखा जा रहा है।आयोजन के तहत रविवार को 500 कलशों की विशाल कलश यात्रा निकाली गई।कलश यात्रा गांव के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी,जिसमें बड़ी संख्या में महिला श्रद्धालु पारंपरिक वेशभूषा में सिर पर कलश धारण कर शामिल हुई।इसके बाद मंडप पूजन एवं नित्य देव पूजन की धार्मिक विधियां संपन्न हुई।मंगलवार को आकर्षक झांकी दर्शन एवं भस्म आरती का आयोजन किया जाएगा।इसी दिन विशाल भजन संध्या भी आयोजित होगी,जिसमें सुप्रसिद्ध भजन गायक ओम धर्मावत,हेमलता राव एवं अर्पिता सुथार अपने भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को भक्तिरस से सराबोर करेंगे।बुधवार को धार्मिक कथा का वाचन मुंगाना धाम के कृपा पात्र शिष्य श्री रामपाल दास जी महाराज के मुखारविंद से किया जाएगा।वहीं यज्ञाचार्य पं. गोपाल जी भट्ट के सानिध्य में विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान संपन्न होंगे।पांच दिवसीय आयोजन का समापन गुरुवार 14 मई को मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा,मंदिर शिखर पर कलश स्थापना एवं पूर्णाहुति के साथ होगा। इसके पश्चात महाप्रसादी का आयोजन रखा गया है।जिसमें आसपास के गांवों सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। आयोजन को सफल बनाने के लिए ग्रामवासियों द्वारा व्यापक तैयारियां की गई हैं।