स्मार्ट हलचल|वाराणसी। मेहनत जब पटरियों पर दौड़ती है तो उसका सम्मान भी मंच पर गूंजता है। 19 फरवरी 2026 को गोरखपुर रेलवे प्रेक्षागृह में आयोजित भारतीय रेल के 70वें रेल सप्ताह पुरस्कार समारोह में वाराणसी मंडल ने अपनी कार्यकुशलता का परचम लहराते हुए 8 कार्यकुशलता शील्ड और 11 रेलकर्मियों के लिए विशिष्ट सेवा पुरस्कार हासिल कर इतिहास रच दिया। महाप्रबंधक उदय बोरवणकर ने वर्ष 2024-25 में संरक्षा, सुरक्षा, समयपालन, दुर्घटना निवारण, राजस्व वृद्धि और आधारभूत संरचना विकास में उत्कृष्ट योगदान के लिए मंडल को सम्मानित किया। अंतर्मंडलीय चिकित्सा, सुरक्षा, विद्युत, दूरसंचार और जनसंपर्क कार्यकुशलता शील्ड के साथ सर्वांगीण कार्यकुशलता की पांच प्रमुख शील्ड भी वाराणसी मंडल के खाते में गईं। वाराणसी सिटी रेलवे स्टेशन को ‘बी’ श्रेणी में सर्वोत्तम स्वच्छ स्टेशन ट्रॉफी (द्वितीय) मिली, जबकि शिवगंगा एक्सप्रेस को सर्वाधिक व्यवस्थित एवं साफ-सुथरा रेक घोषित किया गया और भटनी को सर्वोत्तम व्यवस्थित रनिंग रूम शील्ड से नवाजा गया। मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन ने शाखाधिकारियों के साथ ये सम्मान ग्रहण किए। व्यक्तिगत पुरस्कार पाने वालों में वरिष्ठ मंडल इंजीनियर-तृतीय अनुज कुमार वर्मा, सहायक वाणिज्य प्रबंधक धनंजय कुमार सिंह, सीनियर सेक्शन इंजीनियर रेलपथ अवधेश कुमार सिंह, ट्रैक मेंटेनर-IV अविनाश कुमार पटेल, जूनियर इंजीनियर आर.के. वर्मा (कैरेज एंड वैगन), वरिष्ठ तकनीशियन काशीनाथ यादव, सीनियर सेक्शन इंजीनियर (सिग्नल) मुनेन्द्र कुमार पाण्डेय, ईएसएम-II शशिकांत प्रसाद, सीनियर सेक्शन इंजीनियर (विद्युत) नविन कुमार सिंह, वरिष्ठ अनुभाग अधिकारी (लेखा) रिंकू श्रीवास्तव तथा सहायक डिपो/स्टोर खलासी दीपिका श्रीवास्तव शामिल रहे। समारोह में तालियों की गड़गड़ाहट के बीच वाराणसी मंडल की उपलब्धियों की खुलकर सराहना हुई और यह संदेश गया कि पटरियों पर दिन-रात पसीना बहाने वाली टीम ही सफलता की असली हकदार होती है। जनसंपर्क अधिकारी अशोक कुमार ने बताया कि यह उपलब्धि सामूहिक समर्पण और उत्कृष्ट कार्यसंस्कृति का परिणाम है, जिसने 70वें रेल सप्ताह को वाराणसी मंडल के लिए यादगार बना दिया।
70वें रेल सप्ताह में वाराणसी मंडल की दमदार दस्तक: 8 शील्ड और 11 रेलकर्मी सम्मानित
Published on










