वेल्डिंग से निकली चिंगारी से भीषण आग ,देखते ही देखते एक के बाद एक पांच बसें आग की चपेट में

स्मार्ट हलचल|इंदौर शहर के तीन इमली इलाके में सोमवार को बड़ा हादसा टल गया। यहां खड़ी बसों की मरम्मत के दौरान वेल्डिंग से निकली चिंगारी ने भीषण आग का रूप ले लिया। देखते ही देखते एक के बाद एक पांच बसें आग की चपेट में आ गईं। आग इतनी तेजी से फैली कि आसपास खड़े कई दोपहिया वाहन भी जलकर खाक हो गए।

आसमान में छा गया काला धुआं

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक डिपो परिसर से अचानक धुआं उठता दिखाई दिया, जिसके बाद कुछ ही मिनटों में आग ने विकराल रूप ले लिया। बसों में लगी आग की ऊंची लपटें और काले धुएं का गुबार दूर-दूर तक दिखाई दे रहा था। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत फायर ब्रिगेड और पुलिस को सूचना दी।

आसपास के क्षेत्र को खाली कराया

सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाने का प्रयास किया। आग तेजी से फैल रही थी, जिसके चलते पुलिस ने एहतियात के तौर पर आसपास के क्षेत्र खाली कराया ताकि कोई बड़ा हादसा न हो सके।

आग लगने का कारण अज्ञात

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग बस डिपो में खड़ी बसों के पास से शुरू हुई थी, हालांकि आग लगने की असली वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है। आशंका जताई जा रही है कि शॉर्ट सर्किट या तकनीकी खराबी के कारण आग लगी हो सकती है, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। घटना में राहत की बात यह रही कि किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। हालांकि आग में तीनों बसें पूरी तरह जल गईं और कई दो पहिया वाहन भी राख हो गए। इससे लाखों रुपए के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल पुलिस, प्रशासन और फायर विभाग की टीम मौके पर मौजूद है। पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है और आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

स्थानीय लोग आक्रोशित, धरने पर बैठे

घटना के बाद स्थानीय रहवासी आक्रोशित हो गए। रहवासियों ने महापौर परिषद के सदस्य मनीष शर्मा के साथ ट्रैवल्स ऑफिस के बाहर धरना दे दिया और रिहायशी इलाके से बसों को हटाने की मांग करने लगे। लोगों का कहना है कि इससे पहले भी यहां बसों में आग लग चुकी है, बावजूद इसके प्रशासन ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया।

 

एमआईसी सदस्य मनीष शर्मा ने कहा कि पहले भी बसों को यहां से हटाने की चेतावनी दी गई थी, लेकिन लापरवाही जारी रही। उन्होंने साफ कहा कि जब तक रिहायशी इलाके से बसों को हटाया नहीं जाएगा, तब तक प्रदर्शन जारी रहेगा।