भीलवाड़ा, 11 मई। श्री राजस्थानी अरोड़ा खत्री सर्वोच्च समिति, जोधपुर के तत्वावधान में आगामी 14 जून 2026, रविवार को भीलवाड़ा में भव्य “शिक्षा पुरस्कार एवं प्रतिभा सम्मान समारोह – शिक्षा का महाकुंभ” आयोजित किया जाएगा। इस प्रतिष्ठित आयोजन की तैयारियों को लेकर आज अरोड़ा समाज, भीलवाड़ा की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई, जिसमें कार्यक्रम को ऐतिहासिक एवं भव्य स्वरूप देने का निर्णय लिया गया।
अरोड़ा खत्री समाज समिति के जिलाध्यक्ष कैलाश अरोड़ा एडवोकेट ने जानकारी देते हुए बताया कि राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित होने वाले इस समारोह में पिछले दो वर्षों में उत्कृष्ट अंक प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं सहित विभिन्न क्षेत्रों में प्रतिभा का प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान किया जाएगा। साथ ही योग्य विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति भी प्रदान की जाएगी।
उन्होंने बताया कि यह आयोजन 14 जून 2026 को प्रातः 11 बजे से नगर निगम टाउन हॉल, भीलवाड़ा में आयोजित होगा। समारोह में अरोड़ा समाज के सैकड़ों पदाधिकारी, छात्र-छात्राएं, विभिन्न पंचायतों के अध्यक्ष एवं पदाधिकारी सहित समाजजन उपस्थित रहेंगे।
बैठक में समाज के वरिष्ठजनों एवं पदाधिकारियों ने आयोजन को सफल बनाने हेतु व्यापक जनसंपर्क, व्यवस्थाओं एवं सहभागिता पर चर्चा करते हुए सभी समाजबंधुओं से अधिकाधिक संख्या में उपस्थित रहने का आह्वान किया।
