सवाईपुर ( सांवर वैष्णव ):- दांथल – भीलवाड़ा रोड़ पर हलेड़ गांव के पास एक तेज रफ्तार कार ने बाइक को टक्कर मार दी, जिसमें बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया । सूचना पर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। जहां एक और घर में शादी का माहौल चल रहा था, वही इस एक हादसे ने शादी की खुशियों को मातम में बदल दिया, दो माह बाद मृतक की शादी होनी थी । सदर थाना दीवान जयप्रकाश शर्मा ने बताया कि हलेड़ गांव के पास एक तेज रफ्तार कार ने बाइक को टक्कर मार दी, इसमें बाइक सवार गेंदलिया निवासी प्रहलाद पिता को गोदू रेगर उम्र 18 वर्ष व रेण निवासी प्रभु पिता रामलाल बैरवा उम्र 20 वर्ष गंभीर रूप से घायल हो गए, घायलों को जिला चिकित्सालय में पहुंचाया गया, जहां डॉक्टर ने गेंदलिया निवासी प्रहलाद रेगर को मृत घोषित किया । वही रेण निवासी प्रभु लाल का हालत गंभीर होने पर जिले के निजी चिकित्सालय में रेफर किया गया । युवक कैटरिंग का कार्य करते हैं, इस कारण युवक बाइक से भीलवाड़ा में कैटरिंग का काम करने के लिए सुबह घर से निकले थे, इसी दौरान हलेड़ गांव के पास यह हादसा हो गया, जिसमें एक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया । दुर्घटना के मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों व राहगीरों की भीड़ जमा हो गई, पुलिस ने जिला चिकित्सालय की मोर्चरी में शव का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों के सुपुर्द किया ।
मातम में बदली शादी की खुशियां, परिवार का पालन पोषण करता था प्रहलाद
इस एक हादसे ने परिवार में शादी के माहौल को मातम में बदल दिया, जैसे ही प्रहलाद की मौत की खबर गांव में पहुंची, तो परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल हो गया, गांव के ग्रामीणों ने बड़ी मुश्किल से परिजनों को संभाल और ढ़ाढस बंधाया, क्योंकि जहां 2 महीने बाद अप्रैल माह में मृतक प्रहलाद की शादी होनी थी, जिसकी तैयारियां घर में चल रही थी, जहां एक ओर माता-पिता अपने पुत्र को दूल्हा बनने का ख्वाब सजाए बैठे थे, लेकिन विधाता को कुछ और ही मंजूर था जो इस एक हादसे ने परिवार की खुशियां छीन ली । दूसरी ओर मृतक प्रहलाद परिवार में कमाने वाला एकलौता था जो अपने परिवार का पालन पोषण कर रहा था ।

