सूरौठ के बंजारों के नंगला में 10 दिन से नहीं आ रहा नलों पानी, लोगों ने किया विरोध प्रदर्शन महिलाओं ने सड़क पर फोड़े खाली मटके

सूरौठ। स्मार्ट हलचल|नगर पालिका सूरौठ के बंजारों के नंगला में पिछले 10 दिन से नलों में पानी नहीं आ रहा है। पेयजल समस्या से गुस्साए लोगों ने मंगलवार को खाली बर्तनों को लहरा कर विरोध प्रदर्शन किया तथा जलदाय विभाग के अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी की। आक्रोशित महिलाओं ने सड़क पर खाली मटके फोड़ कर रोष जाहिर किया। पूर्व पार्षद दशरथ सिंह बंजारा, ललिता बंजारा, मनोज, राकेश, सरोज, कविता, अनोखी, गीतम, छोटा, निशा, पूरा देवी, भूरी देवी, ओमप्रकाश, रामकिशन, अर्जुन, गुड्डी देवी, फौजी, दर्शन सिंह सहित बंजारा समाज के काफी लोग एवं महिलाएं आम रास्ते में एकत्रित हुए तथा विरोध प्रदर्शन किया। पूर्व पार्षद दशरथ सिंह बजारा एवं अन्य लोगों ने बताया कि बंजारों के नंगला के करीब ढाई सौ घरों में पिछले 10 दिन से नलों में पानी नहीं आ रहा है। जंलदाय विभाग की मोटर जल जाने के कारण पेयजल आपूर्ति बंद है तथा ग्रामीणों को भारी जल संकट का सामना करना पड़ रहा है। जलदाय विभाग के संबंधित अधिकारियों को इस समस्या से अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक न तो मोटर ठीक करवाई गई और न ही कोई संतोषजनक जवाब मिला। आरोप है कि कॉल भी अटेंड नहीं की जा रही है। जिससे लोगों में रोष व्याप्त है। लोगों ने जिला कलेक्टर से पेयजल समस्या का अबिलंब समाधान करवाने की मांग की है। लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही समस्या का समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन शुरू किया जाएगा।