सूरौठ।स्मार्ट हलचल|शहर में खाली पड़े भूखंडों में जमा कचरा, गंदगी एवं मलबे से आमजन को होने वाली परेशानी को लेकर सूरौठ नगर पालिका प्रशासन ने गंभीरता दिखाई है। नगर पालिका की अधिशासी अधिकारी रीना खंडेलवाल ने शहर के सभी भूखंड मालिकों को निर्देश दिए हैं कि अपने खाली भूखंडों में जमा गंदगी एवं कचरे की 7 दिन में सफाई करवा दें अन्यथा नगर पालिका सभी भूखंडों की सफाई करवाएगी तथा भूखंड मालिकों से भू राजस्व बकाया के रूप में व्यय राशि का 10 गुना जुर्माना वसूल करेगी। इसके अलावा गंदगी से अटे भूखंडों की नगर पालिका अधिनियम के तहत कुर्की भी की जाएगी। अधिशासी अधिकारी खंडेलवाल ने बताया कि सूरौठ नगर पालिका क्षेत्र में काफी खाली पड़े निजी भूखंडों में कचरा, गंदगी व मलबे का जमाव हो रहा है जिससे संक्रामक बीमारियां फैलने का आशंका बनी हुई है वहीं नगर की स्वच्छता रैंकिंग एवं पर्यावरण को भी क्षति पहुंच रही है। अधिशासी अधिकारी ने सभी निजी भूखंड मालिकों को सात दिवस में अपनी भूखंडों की सफाई करने के निर्देश दिए हैं।
