पुनित चपलोत
भीलवाड़ा // जिले के पुर कस्बे में मंगलवार शाम तालाब में नहाने गए 12 वर्षीय बालक की डूबने से मौत हो गई। तालाब के पास से गुजर रहे लोगों को जब किनारे पर बच्चे के कपड़े और चप्पल दिखाई दिए तो उन्हें अनहोनी की आशंका हुई। सूचना फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए। जानकारी मिलने पर पुलिस और गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद बालक को पानी से बाहर निकाला गया, लेकिन अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।
मामला भीलवाड़ा जिले के पुर थाना क्षेत्र का है। मंगलवार शाम करीब 5 बजे खेल मोहल्ला, पुर निवासी अली पुत्र हैदर अली उम्र 12 वर्ष घर से तालाब पर नहाने के लिए गया था। बताया जा रहा है कि तालाब की गहराई अधिक होने के कारण वह पानी में डूब गया। कुछ लोगों ने तालाब किनारे बच्चे के कपड़े और चप्पल पड़े देखे तो शक होने पर आसपास के लोगों को सूचना दी। देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई।
सूचना मिलने पर पुर थाना पुलिस और गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची। करीब आधे घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद बालक को पानी से बाहर निकाला गया और तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां ड्यूटी डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने शव को महात्मा गांधी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया।
