बूंदी- जिला प्रशासन एवं खेल विभाग के संयुक्त तत्वावधान में ईश्वरी सिंह खेल संकुल, बूंदी में संचालित स्वैच्छिक साप्ताहिक श्रमदान अभियान के अंतर्गत दूसरे बुधवार को भी उत्साह, अनुशासन एवं सामाजिक सहभागिता के साथ श्रमदान कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारियों, खेल प्रशिक्षकों, खिलाड़ियों एवं आमजन ने सहभागिता निभाते हुए स्वच्छता के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी का परिचय दिया।कार्यक्रम में अधिकारियों ने स्वयं श्रमदान कर उपस्थित जनसमूह को स्वच्छता, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं जनसहभागिता का प्रेरणादायी संदेश दिया। इस अवसर पर अतिरिक्त जिला कलक्टर रामकिशोर मीणा, एसडीएम लक्ष्मीकांत मीणा एवं अधिशाषी अभियंता धर्मेंद्र मीणा की गरिमामयी उपस्थिति रही। जिला हैंडबॉल संघ अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह, सुदर्शन मीणा, धर्मराज, सांख्यिकी निरीक्षक विकास हाड़ा, आरिफ, बॉक्सिंग कोच चंद्रसिंह, स्विमिंग प्रशिक्षक विजय मलिक, कबड्डी कोच बुद्धिप्रकाश गोचर एवं डॉ. सुनील कुशवाह सहित अनेक खेल प्रशिक्षकों, खिलाड़ियों एवं जागरूक नागरिकों ने श्रमदान कर खेल परिसर को स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाने में योगदान दिया।
श्रमदान के दौरान खेल संकुल परिसर में साफ-सफाई, कचरा संग्रहण एवं स्वच्छ वातावरण निर्माण हेतु सामूहिक प्रयास किए गए। कार्यक्रम के माध्यम से आमजन से अधिकाधिक संख्या में जुड़ने की अपील करते हुए कहा गया कि प्रत्येक बुधवार प्रातः आयोजित होने वाला यह श्रमदान अभियान परिसर की स्वच्छता, समाज में सहभागिता, अनुशासन एवं सामूहिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करने का एक सशक्त प्रयास हैं।
