सीबीएसई 12वीं परिणाम में हिंद जिंक स्कूल का शानदार प्रदर्शन, विद्यालय में छाई खुशी की लहर

चित्तौड़गढ़, स्मार्ट हलचल। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) द्वारा घोषित 12वीं बोर्ड परीक्षा परिणाम में हिंद जिंक स्कूल का परीक्षा परिणाम उत्कृष्ट रहा। विद्यालय के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विभिन्न संकायों में उल्लेखनीय सफलता हासिल की। परिणाम घोषित होते ही विद्यालय परिसर में खुशी का माहौल छा गया।

विद्यालय के वाणिज्य संकाय में सभी 27 विद्यार्थियों ने प्रथम श्रेणी में परीक्षा उत्तीर्ण कर शत-प्रतिशत परिणाम दर्ज किया। छात्र चिन्मय काबरा ने 97 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय में प्रथम स्थान हासिल किया। साथ ही मुख्य विषयों के आधार पर जिले में भी पहला स्थान प्राप्त कर विद्यालय का नाम रोशन किया। वहीं अनुष्का सोमानी ने 96.4 प्रतिशत अंक प्राप्त कर द्वितीय तथा ऋद्धिमा बलदवा ने 95 प्रतिशत अंक प्राप्त कर तृतीय स्थान हासिल किया।

इसी प्रकार विज्ञान संकाय में भी विद्यालय का परिणाम शत-प्रतिशत रहा। 35 में से सभी 35 विद्यार्थियों ने प्रथम श्रेणी में परीक्षा उत्तीर्ण की। छात्रा उर्वी समदानी ने 94 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विज्ञान संकाय में प्रथम स्थान प्राप्त किया। सेजल मोगरा ने 92.6 प्रतिशत अंक प्राप्त कर द्वितीय स्थान हासिल किया, जबकि सौभाग्य सिंह मेड़ावत एवं विशेष वैष्णव ने 91-91 प्रतिशत अंक प्राप्त कर संयुक्त रूप से तृतीय स्थान प्राप्त किया।

विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष आलोक रंजन, सचिव अमित सुराणा, प्राचार्या श्रीमती बिंदु नायर एवं उप प्राचार्य नरेश नूनिया ने विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं शिक्षकों को इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।