दवा के बहाने महिला से लूटी थी सोने की चेन: प्रतापनगर पुलिस और DST ने किया गिरोह का पर्दाफाश, मास्टरमाइंड हिस्ट्रीशीटर सहित तीन गिरफ्तार

दवा के बहाने महिला से लूटी थी सोने की चेन: प्रतापनगर पुलिस और DST ने किया गिरोह का पर्दाफाश, मास्टरमाइंड हिस्ट्रीशीटर सहित तीन गिरफ्तार

भीलवाड़ा।
जिले की प्रतापनगर थाना पुलिस और जिला स्पेशल टीम (डीएसटी) ने संयुक्त रूप से एक बड़ी कार्रवाई करते हुए संगठित अपराध और चेन स्नेचिंग की वारदात का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में तीन मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया है कि गैंग का सरगना एक हिस्ट्रीशीटर है, जो कम उम्र के युवाओं को अपने साथ रखकर उनसे लूट और स्नेचिंग की वारदातें करवाता था।

दिनदहाड़े क्लिनिक पर हुई थी वारदात

घटना 10 मई 2026 की है। परिवादी दमयंती सोलंकी (47) ने पुलिस को रिपोर्ट दी थी कि वह पुर रोड के बिलिया स्थित अपने ‘शिव स्वास्थ्य क्लिनिक’ पर बैठी थीं। दोपहर करीब 12:50 बजे स्प्लेंडर प्लस बाइक पर 20-22 साल के दो युवक आए। एक युवक बाइक स्टार्ट कर बाहर खड़ा रहा, जबकि दूसरा क्लिनिक के अंदर आया। उसने पहले दवाई ली और फिर ‘विक्स’ की डिब्बी मांगी। जैसे ही महिला ने विक्स निकालने के लिए ध्यान हटाया, युवक ने झपट्टा मारकर उनके गले से 35 ग्राम सोने की चेन तोड़ ली और अपने साथी के साथ बाइक पर फरार हो गया।

पीड़िता के अनुसार, बाइक पर आगे-पीछे हिंदी में ‘जाट’ लिखा हुआ था और दोनों लुटेरों ने सफेद कपड़े से अपना मुंह बांध रखा था। इस रिपोर्ट पर प्रतापनगर थाने में बीएनएस 2023 की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।

तकनीकी साक्ष्यों से पुलिस के हत्थे चढ़े आरोपी

जिला पुलिस अधीक्षक (एसपी) धर्मेन्द्र सिंह के निर्देश और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) पारस जैन व वृताधिकारी सज्जन सिंह के सुपरविजन में प्रतापनगर थानाधिकारी सुनील ताड़ा के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। प्रतापनगर थाने की टीम और डीएसटी (साइबर सेल) ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिरों की सूचना के आधार पर आरोपियों की पहचान सुनिश्चित की और दबिश देकर उन्हें डिटेन कर लिया।

युवाओं को मोहरा बनाता था आदतन अपराधी

पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनकी पहचान निम्नलिखित है:

  • संजू जाट (26) – निवासी जाटो का मोहल्ला, सोला का खेड़ा (थाना मंगरोप)।
  • चांदमल जाट (20) – निवासी भगा का खेड़ा (थाना मंगरोप)।
  • रमेश चन्द्र गाडरी (29) – निवासी लपसिया खेड़ा (थाना कुंवारिया, राजसमंद), हाल निवासी पटेलनगर, भीलवाड़ा।

मास्टरमाइंड का क्रिमिनल रिकॉर्ड: पुलिस ने बताया कि आरोपी रमेश गाडरी कुंवारिया (राजसमंद) थाने का हिस्ट्रीशीटर (H.S.) और आदतन चेन स्नेचर है। वह अपने साथ कम उम्र के जवानों/लड़कों को रखता है और उन्हें लालच देकर उनसे चेन स्नेचिंग की वारदातें करवाता है।

इस कार्रवाई में प्रतापनगर थाने के हेड कांस्टेबल रविन्द्र सिंह, कांस्टेबल सुरेश कुमार, कुलदीप सिंह और डीएसटी के हेड कांस्टेबल दिलीप सिंह, कांस्टेबल दिलीप, गीतम सिंह व पंकज का विशेष योगदान रहा। पुलिस फिलहाल गिरफ्तार आरोपियों से अन्य वारदातों के संबंध में गहन पूछताछ कर रही है।