कई दिनों से जॉब कार्ड और मजदूरी के लिए काट रही थीं चक्कर, नरेगा सचिव के नहीं मिलने पर जताया विरोध; जल्द काम शुरू कराने की मांग
अलकेश पारीक
स्मार्ट हलचल|ग्राम पंचायत शक्करगढ़ में नरेगा कार्य लंबे समय से बंद होने और मजदूरी नहीं मिलने से परेशान महिलाओं का गुरुवार को गुस्सा फूट पड़ा। बड़ी संख्या में महिलाएं पंचायत भवन पहुंचीं, लेकिन वहां कनिष्ठ लिपिक (नरेगा सचिव) के मौजूद नहीं होने पर नाराज महिलाएं पंचायत भवन के बाहर धरने पर बैठ गईं और जमकर विरोध प्रदर्शन किया।
महिलाओं ने बताया कि गांव में लंबे समय से नरेगा के तहत कोई कार्य नहीं चल रहा है, जिससे उन्हें रोजगार नहीं मिल पा रहा। मजदूरी बंद होने से परिवार का खर्च चलाना मुश्किल हो गया है। उन्होंने कहा कि मजदूरी भुगतान, जॉब कार्ड और अन्य जरूरी कार्यों को लेकर वे कई दिनों से पंचायत के चक्कर काट रही हैं, लेकिन जिम्मेदार कर्मचारी समय पर नहीं आने से उनके काम लगातार अटके हुए हैं।
ग्रामीण महिलाओं का आरोप है कि बार-बार शिकायत करने के बावजूद उनकी सुनवाई नहीं हो रही। इससे आर्थिक तंगी के साथ मानसिक परेशानी भी बढ़ती जा रही है। महिलाओं ने प्रशासन से पंचायत कार्यालय में कर्मचारियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने, नरेगा कार्य तत्काल शुरू कराने और लंबित मामलों का शीघ्र समाधान करने की मांग की है.
