दो वर्षों से टूटी पेयजल पाइपलाइन बनी जनसमस्या,लाखों लीटर पानी बहकर हो रहा बर्बाद

कदमाली नदी स्थित वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट की पाइपलाइन क्षतिग्रस्त, सड़क धंसने से बड़े हादसे की आशंका

निंबाहेड़ा,14 मई 2026

स्मार्ट हलचल|निंबाहेड़ा नगर की पेयजल व्यवस्था से जुड़ी गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है, जहां कदमाली नदी पर स्थित वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट से शहर को होने वाली पेयजल आपूर्ति की मुख्य पाइपलाइन पिछले लगभग दो वर्षों से टूटी हुई पड़ी है। पाइपलाइन से लगातार बह रहा पानी एक ओर जहां लाखों लीटर पेयजल की बर्बादी कर रहा है, वहीं दूसरी ओर आसपास की कृषि भूमि एवं सड़क को भी गंभीर नुकसान पहुंचा रहा है।

जानकारी के अनुसार नीमच रोड स्थित क्षेत्र में रामचंद्र मेघवाल पिता शंकरलाल एवं कमलेश पिता भागीरथ की कृषि भूमि के सामने तथा दूसरी ओर कन्हैयालाल कुमावत की मशीन के पास यह पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो चुकी है। पाइपलाइन टूटने से लगभग डेढ़ इंच पानी लगातार बहकर खेतों में जा रहा है, जिससे किसानों की भूमि खराब होती जा रही है। खेतों में जलभराव की स्थिति बनने से कृषि कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि पाइपलाइन से निरंतर बहते पानी के कारण सड़क के नीचे की मिट्टी भी बह चुकी है, जिससे सड़क कमजोर होकर क्षतिग्रस्त होने लगी है। क्षेत्रवासियों ने आशंका जताई है कि यदि शीघ्र मरम्मत नहीं करवाई गई तो कभी भी सड़क धंस सकती है और बड़ा हादसा हो सकता है। इस मार्ग से प्रतिदिन भारी वाहन, ट्रैक्टर एवं दोपहिया वाहन गुजरते हैं, जिससे दुर्घटना का खतरा लगातार बना हुआ है।

ग्रामीणों एवं क्षेत्रवासियों द्वारा इस गंभीर समस्या को लेकर राजस्थान सरकार के मुख्यमंत्री, जिला कलेक्टर चित्तौड़गढ़, उपखंड अधिकारी निंबाहेड़ा, जलदाय विभाग, सार्वजनिक निर्माण विभाग एवं नगर परिषद निंबाहेड़ा को कई बार अवगत कराया जा चुका है। संबंधित विभागों के अधिकारियों द्वारा हर बार शीघ्र मरम्मत कराने का आश्वासन दिया गया, लेकिन लगभग दो वर्ष बीत जाने के बावजूद समस्या जस की तस बनी हुई है।

क्षेत्रवासियों ने मांग की है कि जनहित को देखते हुए टूटी पाइपलाइन की तत्काल मरम्मत करवाई जाए तथा सड़क को भी सुरक्षित रूप से पुनर्निर्मित कराया जाए, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे एवं पेयजल की बर्बादी को रोका जा सके।