लाडपुरा: डामटी नहर में 7 फीट लंबा मगरमच्छ दिखने से फैली दहशत, वन विभाग ने किया सुरक्षित रेस्क्यू
लाडपुरा (शिव जांगिड़)।
कस्बे के निकट स्थित डामटी नहर में गुरुवार शाम एक विशालकाय मगरमच्छ नजर आने से आसपास के ग्रामीण इलाकों में भारी दहशत फैल गई। ग्रामीणों की सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद करीब 7 फीट लंबे इस मगरमच्छ का सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया।
ग्रामीणों ने बनाया वीडियो, मौके पर जुटी भीड़
जानकारी के अनुसार, गुरुवार शाम कुछ ग्रामीण नहर के किनारे अपने काम में लगे हुए थे, तभी अचानक उनके सामने यह मगरमच्छ आ गया। मगरमच्छ को देखते ही लोगों के होश उड़ गए। उन्होंने तुरंत आसपास और खेतों में काम कर रहे अन्य लोगों को इसकी सूचना दी। देखते ही देखते नहर किनारे भारी भीड़ जमा हो गई। इसी दौरान कुछ जागरूक ग्रामीणों ने मगरमच्छ का वीडियो बना लिया और वन विभाग को इसकी भनक दी। जानकारों का मानना है कि मगरमच्छ अपने प्राकृतिक आवास से पानी के साथ बहकर नहर में आ गया था।
कड़ी मशक्कत के बाद पकड़ा गया
घटना की सूचना मिलते ही वनपाल लोकेंद्र सिंह ने तुरंत एक रेस्क्यू टीम का गठन कर मौके पर भेजा। वनरक्षक के नेतृत्व में टीम के सदस्य लक्ष्मण सुथार, शंभु मीणा, कालू मीणा और बालू धाकड़ मौके पर पहुंचे। वन विभाग की टीम ने खेत पर काम कर रहे लोगों की मदद से भारी मशक्कत के बाद मगरमच्छ को सुरक्षित रूप से पकड़ लिया। इसके बाद उसे वन विभाग द्वारा सुरक्षित प्राकृतिक आवास (जलाशय) में छोड़ दिया गया है।
प्रशासन की अपील: हालांकि मगरमच्छ पकड़े जाने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है, लेकिन प्रशासन ने गांवों में दहशत के माहौल को देखते हुए एहतियात के तौर पर लोगों से नहर के किनारे जाते समय सतर्क रहने की अपील की है।
