लाडपुरा: 5 साल से जर्जर पुलिया से जान जोखिम में डालकर गुजर रहे ग्रामीण, दोनों ओर डिवाइडर निर्माण की उठी मांग
शिव लाल जांगिड़
हर दिन सताता है हादसे का डर
लाडपुरा मार्ग पर स्थित यह मुख्य पुलिया क्षेत्र के आवागमन का प्रमुख केंद्र है, जहां से प्रतिदिन सैकड़ों की संख्या में लोग और वाहन गुजरते हैं। लंबे समय से मरम्मत के अभाव में पुलिया की स्थिति इतनी खराब हो चुकी है कि यहां आए दिन छोटे-मोटे हादसे होते रहते हैं। रेलिंग या सुरक्षा दीवार नहीं होने के कारण हमेशा किसी बड़े वाहन के नदी में गिरने का अंदेशा बना रहता है, जिससे ग्रामीणों में डर का माहौल है।
पशु और ग्रामीण हो रहे दुर्घटना का शिकार
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि किनारे टूटे होने के कारण रात के अंधेरे में या बारिश के मौसम में स्थिति और भी भयावह हो जाती है। सुरक्षा के अभाव में प्रतिवर्ष कई ग्रामीण और बेजुबान पशु इस पुलिया से गिरकर दुर्घटनाओं का शिकार हो रहे हैं। इसके बावजूद संबंधित विभाग इस गंभीर समस्या की अनदेखी कर रहा है।
डिवाइडर निर्माण की उठाई मांग
ग्रामीणों ने प्रशासन से गुहार लगाई है कि दुर्घटनाओं की रोकथाम और सुचारु आवागमन के लिए इस क्षतिग्रस्त पुलिया के दोनों छोर पर तुरंत प्रभाव से डिवाइडर (सुरक्षा दीवार) का निर्माण करवाया जाए। समय रहते अगर इस पुलिया की मरम्मत नहीं की गई, तो भविष्य में यहां कोई बड़ी जनहानि हो सकती है।
