(मोहम्मद आज़ाद नेब)
जहाजपुर ।स्मार्ट हलचल|क्षेत्र के झाबड़िया गांव में खेत पर कृषि कार्य के दौरान एक किसान की गिरने से मौत हो गई। जानकारी के अनुसार भूरा मीणा पुत्र देवाराम मीणा निवासी झाबड़िया शुक्रवार दोपहर करीब 3:13 बजे अपने खेत पर कृषि कार्य कर रहे थे। इसी दौरान वह खेत की मेड पर खड़े नीम के पेड़ की टहनी काट रहे थे।
बताया गया कि टहनी काटते समय अचानक संतुलन बिगड़ जाने से वह सिर के बल जमीन पर गिर गए, जिससे उनके सिर में गंभीर चोट आई। परिजन उन्हें तुरंत उपचार के लिए जहाजपुर चिकित्सालय लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।
घटना के बाद परिजनों ने पुलिस थाना जहाजपुर में रिपोर्ट देकर पोस्टमार्टम करवाने की मांग की। इस पर शनिवार सुबह शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
