ब्यावर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: डेढ़ साल से चकमा दे रहा पोक्सो एक्ट का फरार आरोपी कैलाश सिंह गिरफ्तार

अनिल कुमार
जिला ब्यावर

ब्यावर। स्मार्ट हलचल|जिला पुलिस अधीक्षक रतन सिंह (IPS) के निर्देशानुसार और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. अनुकृति उज्जैनियां व पुलिस उप अधीक्षक राजेश कसाना के निकट सुपरविजन में वांछित अपराधियों के खिलाफ चलाई जा रही धरपकड़ मुहिम के तहत जवाजा थाना पुलिस को एक बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस टीम ने पोक्सो एक्ट और दुष्कर्म के मामले में करीब डेढ़ साल से फरार चल रहे शातिर आरोपी कैलाश सिंह को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।

अजमेर, दिल्ली और गुजरात में बदल रहा था ठिकाने
थानाधिकारी डॉ. नवल किशोर ने बताया कि आरोपी कैलाश सिंह (22) पुत्र प्रभूसिंह रावत, निवासी रोहिड़ा खेड़ा (थाना जवाजा) के खिलाफ मार्च 2025 में भारतीय न्याय संहिता (BNS) और पोक्सो एक्ट की गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज हुआ था। घटना के बाद से ही आरोपी पुलिस से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था। पुलिस ने उसके घर पर कई बार दबिश दी, लेकिन वह हर बार भागने में सफल रहा। फरारी के दौरान आरोपी कभी अजमेर, कभी गुजरात तो कभी दिल्ली में अपनी पहचान छिपाकर रह रहा था।

साइबर सेल और मुखबिर की मदद से दबोचा
आरोपी की गिरफ्तारी के लिए जवाजा पुलिस ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया और जिला साइबर सेल की मदद से तकनीकी साक्ष्य जुटाए। शनिवार को मुखबिर से मिली सटीक सूचना के बाद पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी कैलाश सिंह को दबोच लिया। पुलिस अब आरोपी से मामले को लेकर गहनता से अनुसंधान कर रही है।

पहले भी दर्ज है आपराधिक रिकॉर्ड
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी कैलाश सिंह आदतन प्रवृत्ति का है। उसके खिलाफ वर्ष 2022 में भी जवाजा थाने में घर में घुसकर मारपीट करने, छेड़छाड़ और डराने-धमकाने (धारा 452, 354घ, 323, 341, 506 आईपीसी) का मामला दर्ज हो चुका है।

कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम:
इस सफल कार्रवाई में जवाजा थानाधिकारी डॉ. नवल किशोर के नेतृत्व में हेड कांस्टेबल राजेश कुमार, साइबर सेल के कांस्टेबल नैना सिंह, कांस्टेबल विजय कुमार, प्रहलाद, अशोक कुमार, सुशील कुमार, महेंद्र कुमार और राजेश कुमार की मुख्य भूमिका रही।