यूक्रेन ने रूस की राजधानी मॉस्को पर 500 से ज्यादा ड्रोन के साथ भयानक हमला किया

यूक्रेन ने रूस की राजधानी मॉस्को पर 500 से ज्यादा ड्रोन के साथ भयानक हमला किया है। रूस की सरकारी न्यूज एजेंसी TASS ने रविवार को स्थानीय और सैन्य अधिकारियों के हवाले से बताया कि यूक्रेन ने रात भर में 500 से ज्यादा ड्रोन से रूस पर हमला किया जिसमें मॉस्को के पास कम से कम तीन लोगों की मौत हो गई। TASS के मुताबिक शहर के मेयर से मिली जानकारी के आधार पर मॉस्को पर यह हमला “एक साल से ज़्यादा समय में सबसे बड़ा हमला” है। यूक्रेन का ये हमला बदले की कार्रवाई बताया जा रहा है। पिछले हफ्ते रूस ने यूक्रेन की राजधानी कीव को निशाना बनाकर हमला किया था जिसमें यूक्रेनी अधिकारियों ने 25 लोगों की मौत की बात कही थी।

मॉस्को के मेयर सर्गेई सोबयानिन ने बताया कि रविवार की रात रूसी राजधानी के उत्तर-पश्चिम में स्थित एक शहर खिमकी में एक घर पर ड्रोन गिरने से एक महिला की मौत हो गई। उन्होंने आगे बताया कि एक और व्यक्ति मलबे के नीचे फंसा हुआ था। सोबयानिन ने बताया कि मॉस्को के उत्तर-पूर्व में स्थित मितिशची में दो पुरुषों की मौत हो गई जब एक निर्माणाधीन घर पर ड्रोन का मलबा गिर गया। उन्होंने आगे बताया कि मॉस्को में कुल 12 लोग घायल हुए जिनमें एक तेल रिफाइनरी में काम करने वाले निर्माण मजदूर भी शामिल था