आदिनाथ मन्दिर पर धर्म ध्वजा परिवर्तन महोत्सव श्रद्धा व भक्ति के साथ सम्पन्न

:- एक दिन पूर्व भक्ति संध्या में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब, देर रात तक गूंजे भक्ति गीत
:- कोटड़ी के पोखरना परिवार ने चढ़ाई मन्दिर शिखर पर धर्म ध्वजा

राजेन्द्र बबलू पोखरना

कोटड़ी। स्मार्ट हलचल|मुख्यालय स्थित श्री आदिनाथ श्वेताम्बर जैन मन्दिर में धर्म ध्वजा परिवर्तन महोत्सव श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में स्थानीय सहित बाहर से पहुंचे हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लेकर धर्म लाभ अर्जित किया। आयोजन को लेकर सम्पूर्ण जैन समाज में उत्साह का माहौल बना रहा तथा मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर नजर आया।
आयोजक सज्जनसिंह पोखरना ने बताया कि सदर बाजार स्थित प्रथम तीर्थंकर युगाधिदेव श्री आदिनाथ भगवान के प्राचीन जैन श्वेताम्बर मन्दिर में परम पूज्य आचार्य भगवन्त श्री निपूणरत्नविजय सुरीश्वर जी म.सा. आदि ठाणा की शुभ निश्रा में वर्ष 2014 में भव्य प्रभु प्रतिष्ठा महोत्सव आयोजित हुआ था। तभी से प्रतिवर्ष धर्म ध्वजा परिवर्तन महोत्सव बड़े ही धूमधाम व धार्मिक आस्था के साथ आयोजित किया जाता है।
महोत्सव के तहत प्रातः 7 बजे धर्म ध्वजा के साथ भव्य वरघोड़ा निकाला गया, जिसमें श्रद्धालु जयकारों के साथ नाचते-गाते हुए शामिल हुए। इसके पश्चात 8 बजे स्नात्र पूजा महोत्सव, 8.30 बजे भक्तिमय सतर भेदी पूजा एवं ध्वज पूजन कार्यक्रम आयोजित हुआ। बाद में शुभ मुहूर्त में प्रातः 10.15 बजे श्री आदिनाथ भगवान के मन्दिर शिखर पर धर्म ध्वजा चढ़ाई गई। ध्वजारोहण के दौरान सम्पूर्ण वातावरण जय आदिनाथ के जयकारों से गुंजायमान हो उठा।
विधिकारक एवं सुप्रसिद्ध गायककार मनीष जैन पितलिया एण्ड पार्टी मन्दसौर (मध्यप्रदेश) ने मंत्रोच्चारण एवं मधुर भजनों के साथ पूजा सम्पन्न करवाई। उनके भक्ति गीतों पर श्रद्धालु देर तक झूमते रहे। कार्यक्रम से एक दिन पूर्व आयोजित भव्य भक्ति संध्या में भी श्रद्धालुओं का भारी उत्साह देखने को मिला। गायककार मनीष जैन मन्दसौर द्वारा प्रस्तुत भक्तिमय भजनों ने वातावरण को पूरी तरह भक्तिरस में सराबोर कर दिया। देर रात तक श्रद्धालु भक्ति गीतों पर झूमते रहे तथा मंदिर परिसर में भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला।
श्रीवर्धमान स्थानकवासी जैन श्रावक संघ के अध्यक्ष निर्मल लोढ़ा एवं मंत्री प्रकाश पोखरना ने बताया कि पूजा कार्यक्रम के दौरान आगामी वर्ष के धर्म ध्वजा फहराने की बोली भी आयोजित की गई। इसमें लादूलसिंह धूपिया करमडास ने 51,151 रुपये की बोली लगाकर आगामी वर्ष के धर्म ध्वजा फहराने के लाभार्थी बनने का सौभाग्य प्राप्त किया। इस दौरान दिनकर सन्देश के प्रधान सम्पादक दिनेश संचेती दिनकर ने कार्यक्रम में सरीक हो कर आयोजन को उचाइयां देते हुए श्रद्धालुओं को धार्मिक कार्यक्रमो में बढ़ चढ़ कर हिस्सा लेने की अपील की तथा धर्म से जुड़ कर्मो को क्षय करने पर जोर दिया।कार्यक्रम में केरला, सूरत, अहमदाबाद, भीलवाड़ा, उदयपुर, प्रतापगढ़, सलावटिया, शाहपुरा, चित्तौड़गढ़, नाथद्वारा, किशनगढ़, बीगोद सहित विभिन्न स्थानों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। महिला-पुरुषों एवं युवाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। अंत में आयोजक परिवार एसएसपी ग्रुप द्वारा सभी आगन्तुक श्रद्धालुओं का स्वागत कर आभार व्यक्त किया।
फ़ोटो