शिक्षा ही तरक्की का रास्ता, बच्चों को तालीम जरूर दिलाएं : विधायक रामकेश मीणा

मदन मोहन गर्ग

गंगापुर सिटी। स्मार्ट हलचल|मिरासी समाज द्वारा रविवार को कल्याणजी गेट के पास स्थित गोविंद पैलेस मैरिज गार्डन में विद्यार्थी प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में मदरसा जामीअतुल बनात बरकते फातिमा के 50 से अधिक छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में गंगापुर सिटी विधायक रामकेश मीणा मौजूद रहे।
समारोह को संबोधित करते हुए विधायक रामकेश मीणा ने कहा कि हर समाज की तरक्की का मूल मंत्र शिक्षा है। जो समाज शिक्षा से दूर रहेगा, वह विकास की दौड़ में पीछे रह जाएगा। उन्होंने बच्चों को बेहतर तालीम दिलाने पर जोर देते हुए अभिभावकों से शिक्षा के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का संचालन अब्बासी समाज के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष हाजी जमील खान ने किया। उन्होंने कहा कि मुसलमानों को एक रोटी कम खानी पड़े तो खाएं, लेकिन अपने बच्चों को जरूर तालीम दिलाएं। मिरासी समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष अशरफ अली मीर ने कहा कि समाज आज से माला और साफा जैसी फिजूल खर्ची का बहिष्कार करेगा तथा इन पैसों को गरीब बच्चों की पढ़ाई पर खर्च किया जाएगा, जिससे समाज और कौम तरक्की कर सके।
इस अवसर पर राष्ट्रीय अध्यक्ष अशरफ अली खान ने कमेटी की ओर से मौलाना जाकिर हुसैन को 51 हजार रुपए का चेक इमदाद के रूप में प्रदान किया। राष्ट्रीय सचिव छुट्टन खां ने कम खर्चीली शादी करने और कर्ज से बचने की सलाह दी। वहीं राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष सबदल खान ने कहा कि जो कौम तालीम से जुड़ जाती है, वही बुलंदियों तक पहुंचती है। राष्ट्रीय शिक्षा सचिव रुस्तम अली खान ने प्रतिभा सम्मान समारोह को प्रेरणादायी पहल बताया।
कार्यक्रम में डॉ. अकरम, इस्माइल पीसीसी सदस्य, पार्षद महबूब, निसार अहमद, शौकत अली, साबिर अब्बासी, वरिष्ठ पत्रकार मदन मोहन गर्ग, दिनेश सेन, मनोहर गुप्ता, उत्तम मीणा, बनी सिंह, सलीम खान और मोहम्मद साबिर सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी अतिथियों का माला व साफा पहनाकर सम्मान किया गया।
अंत में आयोजक मौलाना जाकिर मिरासी ने मदरसा जामीअतुल बनात बरकते फातिमा की ओर से सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के दौरान भोजन की भी व्यवस्था की गई।