गंगापुर सिटी, स्मार्ट हलचल। भारत विकास परिषद की कुशलगढ़ शाखा का सत्र 2026-27 के लिए दायित्व ग्रहण समारोह उदेई मोड़ स्थित भगवती पैलेस में आयोजित किया गया। समारोह की अध्यक्षता प्रांतीय संरक्षक एडवोकेट हर्षवर्धन शर्मा ने की, जबकि प्रांतीय महासचिव डॉ. धर्मेंद्र मित्तल मुख्य वक्ता रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां भारती एवं स्वामी विवेकानंद के चित्रों पर दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। सुनीता एवं देवल गोयल ने वंदे मातरम् की प्रस्तुति दी। शाखा अध्यक्ष विष्णु अग्रसेन ने स्वागत भाषण देते हुए शाखा की गतिविधियों की जानकारी दी, जबकि सचिव आनंद पैंगोरिया ने सत्र 2025-26 का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया।
इस दौरान एडवोकेट हर्षवर्धन शर्मा ने सत्र 2026-27 के लिए आनंद पैंगोरिया को अध्यक्ष, विमल चंद्र जैन को सचिव एवं अमित कुमार गुप्ता को वित्त सचिव पद की शपथ दिलाई। उन्होंने परिषद की कार्यप्रणाली, प्रोटोकॉल एवं संगठनात्मक संरचना की जानकारी भी दी।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष आनंद पैंगोरिया ने नई कार्यकारिणी की घोषणा की, जिसे डॉ. धर्मेंद्र मित्तल ने शपथ दिलाई। उन्होंने परिषद के सेवा, संस्कार, संपर्क, पर्यावरण एवं महिला सहभागिता जैसे मूल विचारों पर प्रकाश डाला। शाखा सचिव विमल चंद्र जैन ने नए सदस्यों के नामों की घोषणा की, जिन्हें अध्यक्ष आनंद पैंगोरिया ने संकल्प दिलाया।
कार्यक्रम के सह संयोजक कपिल गौतम एवं गौरव जैन ने आभार व्यक्त किया। राष्ट्रगान के साथ समारोह का समापन हुआ। इस अवसर पर शाखा के करीब 210 सदस्य परिवार, प्रांतीय पदाधिकारी, विभिन्न शाखाओं के प्रतिनिधि एवं पत्रकार उपस्थित रहे।
