(बिन्टू कुमार)
नारायणपुर |स्मार्ट हलचल|कस्बे के मुख्य बाजार क्षेत्र में सार्वजनिक शौचालय की सुविधा नहीं होने से आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय दुकानदार गंगाराम यादव ने बताया कि जनसुविधा के अभाव में बाजार क्षेत्र की स्थिति दिनों-दिन गंभीर होती जा रही है। उन्होंने बताया कि कस्बे के मुख्य बाजार में प्रतिदिन दूर-दराज के गांवों से सैकड़ों लोग खरीददारी के लिए पहुंचते हैं, लेकिन पुरुषोत्तम तिराहे से नीचे के स्टैंड तक करीब 500 मीटर की दूरी में कहीं भी स्थाई अथवा अस्थाई सुलभ शौचालय की व्यवस्था नहीं है। उन्होंने बताया कि शौचालय की सुविधा नहीं होने के कारण महिलाओं, बच्चों एवं बुजुर्गों को विशेष परेशानी उठानी पड़ती है। कई बार मजबूरी में लोगों को खुले में या सड़क किनारे शौच के लिए जाना पड़ता है, जिससे स्वच्छता और सम्मान दोनों प्रभावित हो रहे हैं। व्यापारियों का कहना है कि सार्वजनिक शौचालय के अभाव में दुकानों के आसपास गंदगी फैलने की समस्या भी बढ़ रही है, जिससे बाजार की छवि खराब हो रही है और स्वच्छ भारत मिशन के उद्देश्यों पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। ग्रामीणों एवं व्यापारियों ने नगरपालिका प्रशासन से मांग की है कि मुख्य बाजार क्षेत्र में शीघ्र सुविधायुक्त सुलभ शौचालय का निर्माण करवाया जाए, ताकि आमजन को राहत मिल सके और बाजार क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था बेहतर हो सके।
