खखरेरू/स्मार्ट हलचल|फतेहपुर नगर पंचायत खखरेरू में ‘अपना बाजार’ के पीछे केपीएन सीजन-14 जिला स्तरीय नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट का शुभारंभ 20 मई 2026 से होगा। टूर्नामेंट को लेकर मैदान और पिच निर्माण का कार्य युद्ध स्तर पर दिन-रात जारी है। आयोजन को लेकर क्षेत्र के क्रिकेट प्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
टूर्नामेंट के मुख्य संयोजक मोनू खान ने बताया कि यह प्रतियोगिता पिछले 13 वर्षों से लगातार आयोजित की जा रही है और अब यह खखरेरू व आसपास के क्षेत्रों के लिए वार्षिक महोत्सव का रूप ले चुकी है। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता दुधिया रोशनी में खेली जाएगी, जिससे दर्शकों को रात में रोमांचक मुकाबले देखने का मौका मिलेगा।
मोनू खान ने बताया कि इस टूर्नामेंट में एंट्री फीस के नाम पर कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा, जबकि भाग लेने वाली टीमों को केवल रजिस्ट्रेशन शुल्क देना होगा। उन्होंने कहा कि हर वर्ष की तरह इस बार भी प्रशासनिक सहयोग मिलने की उम्मीद है।
आयोजन की तैयारियों को देखकर नगरवासियों ने सराहना व्यक्त की है। टूर्नामेंट की जानकारी मिलते ही क्षेत्रीय क्रिकेट प्रेमियों में खुशी की लहर दौड़ गई है।
आयोजन में सहयोगी कार्यकर्ताओं के रूप में मोहम्मद शोहराब, मोहम्मद इस्तेखार, शाहरुख (नेता जी), शालू, शानू, भुइरा और वसीम सलमानी का विशेष योगदान बताया गया है।
