इंसानियत शर्मसार! पहले अगवा किया, फिर पीटा युवक के साथ हुई बर्बरता से दहल उठा अजमेर

(हरिप्रसाद शर्मा)

अजमेर/ स्मार्ट हलचल|अजमेर जिले के गेगल थाना क्षेत्र के गगवाना गांव में शादी की रंजिश को लेकर एक युवक के साथ अमानवीयता की शर्मनाक घटना सामने आई है। बदमाश युवक को अगवा कर बीर गांव ले गए, जहां उसके साथ बेरहमी से मारपीट की गई। आरोपियों ने युवक को जूतों-चप्पलों की माला पहनाई, बाल काट दिए और जबरन पेशाब पिलाया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पीड़ित के परिजन गेगल थाने पहुंचे और पुलिस पर समय पर कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया।

पुलिस ने दर्ज किया मामला, बनाई विशेष टीमें
मामले की गंभीरता को देखते हुए सीओ ग्रामीण रामचंद्र चौधरी मौके पर पहुंचे। इसके बाद शनिवार शाम करीब 7 बजे पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर विशेष टीमों का गठन किया। एसपी हर्षवर्धन अग्रवाला ने बताया कि युवक का अपहरण कर उसके साथ मारपीट और अमानवीय व्यवहार किया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महिला सहित 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि वारदात में इस्तेमाल किए गए वाहन भी जब्त कर लिए गए हैं। अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

लकड़ी काटने के दौरान किया अपहरण
पीड़ित युवक जीतू ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि 16 मई की सुबह वह अपने ठेकेदार रफीक मोहम्मद के साथ गगवाना में अफगान के खेत पर लकड़ी काटने का काम कर रहा था। तभी एक पिकअप वाहन में सवार होकर आए रविंद्र, रामदेव नाथ, प्रकाश नाथ, रामलाल, हेमराज समेत अन्य लोगों ने उसके साथ मारपीट की और जबरन पिकअप में डालकर बीर गांव ले गए। आरोपी लकड़ी काटने की दो मशीनें भी साथ ले गए।

बीर गांव में युवक के साथ की गई बर्बरता
पीड़ित के अनुसार, बीर गांव ले जाकर उसके साथ दोबारा मारपीट की गई। आरोप है कि वहां मौजूद सुगनी देवी नाम की महिला ने जबरन उसे टॉयलेट पिलाया। आरोपियों ने युवक को जूतों-चप्पलों की माला पहनाकर उसका वीडियो बनाया और परिवार को फोन कर सामाजिक विवाद के नाम पर 5 लाख रुपये देने की धमकी भी दी।

महिला समेत 6 आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने इस मामले में प्रकाश (23) निवासी गेगल, विक्रम (20) निवासी बीर, गौरवनाथ (21) निवासी मन्दौपुर बोराड़ा, हेमराज (24) निवासी नेहरू नगर अलवर गेट, देवीलाल (40) निवासी बीर और शायरी (65) निवासी बीर को गिरफ्तार किया है।

शादी की रंजिश बनी वारदात की वजह

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि विवाद एक युवती से जुड़े विवाह को लेकर था। युवती की पहली शादी बीर गांव के महेंद्र से हुई थी, लेकिन तलाक के बाद वह अपने पीहर अरड़का में रह रही थी। करीब पांच महीने पहले पीड़ित जीतू ने युवती से शादी कर ली थी। आरोप है कि युवती के पूर्व ससुराल पक्ष के लोग जातिगत फैसले के तहत मामला निपटाना चाहते थे। इसी रंजिश के चलते जीतू का अपहरण कर उसके साथ यह अमानवीय कृत्य किया गया।