राजकीय विद्यालय में समर कैंप व समाज सेवा शिविर का आयोजन, विद्यार्थियों ने दिखाया उत्साह

एजाज़ अहमद उस्मानी

मेड़ता रोड।स्मार्ट हलचल|पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय जारोड़ा कलां में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास एवं सामाजिक जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से समर कैंप एवं समाज सेवा शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए खेल गतिविधियों एवं स्वच्छता अभियान में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाई।
समर कैंप के तहत कक्षा 6 से 8 तक के विद्यार्थियों के लिए विभिन्न खेल गतिविधियों का आयोजन किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों को दौड़, कबड्डी, खो-खो, रस्साकूद सहित कई मनोरंजक एवं शारीरिक विकास से जुड़े खेल खिलाए गए। खेल गतिविधियों के माध्यम से बच्चों में टीम भावना, अनुशासन एवं आत्मविश्वास विकसित करने का प्रयास किया गया। विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह के साथ खेलों में भाग लिया और आनंद उठाया।
वहीं कक्षा 12 के विद्यार्थियों द्वारा समाज सेवा शिविर के अंतर्गत विद्यालय परिसर एवं गांव में स्थित तालाब पर स्वच्छता अभियान चलाया गया। विद्यार्थियों ने सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया तथा ग्रामीणों को भी साफ-सफाई बनाए रखने के लिए प्रेरित किया। शिविर के दौरान विद्यार्थियों ने सामाजिक जिम्मेदारियों को समझते हुए श्रमदान किया।
इस अवसर पर पीईईओ मोहम्मद अख्तर नदीम ने कहा कि “समर कैंप और समाज सेवा जैसी गतिविधियां विद्यार्थियों के मानसिक, शारीरिक एवं सामाजिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ खेल एवं सामाजिक कार्यों में भी सक्रिय रहना चाहिए, ताकि वे जिम्मेदार नागरिक बन सकें।”
वहीं उपप्रधानाचार्य सुरेश चंद निंदावत ने कहा कि “विद्यालय में आयोजित इस प्रकार के कार्यक्रम विद्यार्थियों में अनुशासन, सहयोग एवं सेवा भावना का विकास करते हैं। स्वच्छता अभियान से विद्यार्थियों को समाज के प्रति अपने दायित्वों का भी अनुभव होता है।”
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय स्टाफ एवं विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता रही। विद्यालय प्रशासन ने सभी विद्यार्थियों के उत्साह एवं सहयोग की सराहना की।