चारदीवारी निर्माण का हिसाब पेश, अब छात्रावास भवन निर्माण की ओर बढ़े कदम..
27 मई तक मांगी गई निविदाएं, समाज के गणमान्य लोगों ने विकास कार्यों पर बनाई रणनीति..
शाहपुरा@(किशन वैष्णव )बैरवा समाज विकास संस्थान शाहपुरा के तत्वावधान में मंगलवार को बैरवा समाज छात्रावास प्लॉट पर समाज के प्रबुद्धजनों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक में छात्रावास निर्माण, समाज के विकास कार्यों तथा भविष्य की योजनाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। बड़ी संख्या में समाज के वरिष्ठजन, पदाधिकारी एवं समाजबंधु उपस्थित रहे।
बैठक की शुरुआत समाजहित एवं छात्रावास निर्माण कार्यों की प्रगति समीक्षा से हुई। संस्थान के कोषाध्यक्ष रामदेव बैरवा ने छात्रावास की चारदीवारी निर्माण पर अब तक हुए आय-व्यय का विस्तृत ब्यौरा उपस्थित समाजबंधुओं के समक्ष रखा। सभी उपस्थित लोगों ने पारदर्शिता की सराहना करते हुए सर्वसम्मति से आय-व्यय का अनुमोदन किया।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि छात्रावास भवन निर्माण कार्य को गति देने के लिए इच्छुक ठेकेदारों से 27 मई 2026 को प्रातः 10 बजे तक बंद लिफाफे में निविदाएं आमंत्रित की जाएंगी। निर्माण कार्य से संबंधित नियम एवं शर्तें संस्थान कार्यालय से कार्यालय समय में प्राप्त की जा सकेंगी। समाज के लोगों ने छात्रावास निर्माण को समाज के भविष्य और शिक्षा विकास से जुड़ा महत्वपूर्ण कदम बताया।
बैठक के दौरान समाज के युवाओं को शिक्षा से जोड़ने, छात्रावास को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित करने तथा समाज में एकजुटता बनाए रखने पर भी विचार-विमर्श किया गया। वक्ताओं ने कहा कि छात्रावास निर्माण पूर्ण होने से ग्रामीण क्षेत्र के जरूरतमंद विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिल सकेगा।
बैठक में गोपाल बैरवा (सरपंच मिण्डोलिया), देवीलाल, राजकुमार, जीवनराम, चांदमल, छोटूलाल शाहपुरा, रघुनाथ कासोरिया, जगन्नाथ, दुर्गालाल अमरगढ़, नन्दलाल झांतल, विष्णु डियास, ओनाई बैलिया, छोटू कनछन कला, मुकेश बटछेड़वा सहित समाज के अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।
अंत में संस्थान की आगामी बैठक 27 मई 2026 को प्रातः 10:30 बजे शाहपुरा स्थित बाबा रामदेव मंदिर तहलान गेट पर आयोजित करने का निर्णय लिया गया, जिसमें छात्रावास निर्माण से जुड़े आगामी निर्णय लिए जाएंगे।
