जोगणियां माताजी में मेवाड़ा समाज की आमसभा 26 को, समाज सुधार और सामूहिक विवाह पर होगी चर्चा

मांडलगढ़।स्मार्ट हलचल|क्षत्रिय मेवाड़ा (कलाल) समाज (मेवाड़, खेराड़, आँतरी और ऊपरमाल क्षेत्र) की एक महत्वपूर्ण आमसभा आगामी 26 मई को जोगणियां माताजी में आयोजित की जाएगी। यह आयोजन मेवाड़ा समाज की नवनिर्मित धर्मशाला की चतुर्थ वर्षगांठ के उपलक्ष्य में समाज के अध्यक्ष कन्हैयालाल मेवाड़ा की अध्यक्षता में होगा। बैठक में समाज के सर्वांगीण विकास और कुरीतियों के उन्मूलन को लेकर मंथन किया जाएगा।

समाज के सचिव कमलेश मेवाड़ा ने जानकारी देते हुए बताया कि आमसभा की शुरुआत भगवान सहस्त्रबाहु जी की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन और वंदना के साथ होगी। इसके पश्चात समाज के विकास में योगदान देने वाले वरिष्ठजनों का स्वागत और सम्मान किया जाएगा। बैठक में समाज के बंधुओं के साथ-साथ मातृशक्ति भी बड़ी संख्या में भाग लेंगी।

इन अहम मुद्दों पर होगा मंथन

बैठक के दौरान समाज के पिछले एक वर्ष के आय-व्यय का ब्यौरा प्रस्तुत किया जाएगा। इसके साथ ही समाज में व्याप्त विभिन्न कुरीतियों को दूर करने, समाज के आर्थिक, सामाजिक और शैक्षणिक विकास को गति देने तथा आगामी समय में एक भव्य सामूहिक विवाह सम्मेलन के आयोजन को लेकर रूपरेखा तैयार की जाएगी। अध्यक्ष की अनुमति से समाज हित से जुड़े अन्य समसामयिक विषयों पर भी विचार-विमर्श कर प्रस्ताव पारित किए जाएंगे।

ये रहेंगे मौजूद

कार्यक्रम के समापन पर सभी समाजजनों के लिए प्रसादी की व्यवस्था की गई है। इस महत्वपूर्ण आमसभा में समाज को नई ऊंचाइयां प्रदान करने के लिए देवीलाल मेवाड़ा, नन्दलाल मेवाड़ा, उदयलाल मेवाड़ा, ललित मेवाड़ा, ममता देवी, गीता देवी और रचना देवी सहित समाज के कई गणमान्य लोग अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करेंगे।