भीलवाड़ा । भीलवाड़ा साइबर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ‘डिजिटल अरेस्ट’ के नाम पर हुई 32.75 लाख रुपये की धोखाधड़ी के मामले में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के विभिन्न बैंक खातों में 16,36,153 रुपये होल्ड करवाए हैं, जिनमें से 13,46,153 रुपये पीड़ित को रिफंड कर दिए गए हैं। यह कार्रवाई एसपी धर्मेन्द्र सिंह, भीलवाड़ा के निर्देशानुसार, हेमंत नोगीया, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, त्वरित अनुसंधान एवं निस्तारण दल, भीलवाड़ा के निर्देशन, और आयुष क्षोत्रिय, आईपीएस (प्रो.), थानाधिकारी, साइबर थाना, भीलवाड़ा के निकटतम सुपरविजन में की गई। इस कार्रवाई के लिए रामशरण, पुलिस निरीक्षक, साइबर थाना, भीलवाड़ा के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया था।
यह थी घटना
दिनांक 14.04.2026 को प्रहलाद राय सोडानी (74 वर्ष), निवासी ए-161, संजय कॉलोनी, पुलिस थाना सुभाषनगर, जिला भीलवाड़ा, जो भीलवाड़ा डेयरी में लेखाकार के पद से फरवरी 2010 में सेवानिवृत्त हुए हैं, ने रिपोर्ट पेश की। रिपोर्ट के अनुसार, 27.03.2026 को उन्हें एक कॉल आया जिसमें बताया गया कि उनके आधार कार्ड से मुंबई में एक सिम कार्ड जारी हुआ है, जिससे लड़कियों को अश्लील मैसेज भेजे गए हैं। इसके बाद, अलग-अलग नंबरों से व्हाट्सएप पर वीडियो कॉल कर सीबीआई जज तथा पुलिस अधिकारी बनकर डराया-धमकाया गया।
अज्ञात आरोपियों ने ‘डिजिटल अरेस्ट’ का डर दिखाकर 07.04.2026 को पीड़ित के बैंक खाते से 22,50,000 रुपये और 10.04.2026 को उनकी पत्नी सुशीला देवी के बैंक खाते से एफडी तुड़वाकर 10,25,000 रुपये अपने बैंक खातों में स्थानांतरित करवा लिए। इस प्रकार कुल 32,75,000 रुपये की ठगी की गई।
इस पर साइबर थाना में प्रकरण संख्या 12/2026, धारा 308(2), 318(4), 319(2) बीएनएस 2023 व 66 डी आईटी एक्ट (संशोधन 2008) के तहत मामला दर्ज कर अनुसंधान रामशरण, पुलिस निरीक्षक द्वारा शुरू किया गया।
पुलिस की कार्रवाई:
साइबर धोखाधड़ी की गंभीरता को देखते हुए श्री रामशरण, पुलिस निरीक्षक द्वारा प्रकरण में तकनीकी अनुसंधान किया गया। संदिग्ध खातों की पहचान कर उनमें मौजूद राशि को फ्रीज करवाया गया।
दिनांक 12.05.2026 को माननीय न्यायालय से फ्रीजशुदा राशि में से 13,46,153 रुपये का आदेश प्राप्त कर, बैंकों से समन्वय स्थापित किया गया और त्वरित कार्रवाई करते हुए पीड़ित के खाते में कुल 13,46,153 रुपये रिफंड करवाकर उन्हें राहत प्रदान की गई।
पुलिस टीम का विवरण:
रामशरण, पुलिस निरीक्षक, साइबर थाना, भीलवाड़ा, बाबुलाल, कॉन्स्टेबल, साइबर थाना, प्रभुराम, कॉन्स्टेबल,
पुलिस की अपील:
भीलवाड़ा पुलिस आमजन से अपील करती है कि वे ‘डिजिटल अरेस्ट’ जैसी झूठी कॉल्स से घबराएं नहीं और किसी भी अनजान व्यक्ति को अपनी व्यक्तिगत जानकारी या बैंक विवरण साझा न करें। साइबर ठगी होने पर तुरंत 1930 पर कॉल करें या साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराएं।
