सोपुरा में भव्य कलशयात्रा के साथ पंच कुण्डिय विष्णु महायज्ञ शुरू

25 को तेजाजी महाराज की मूर्ति व स्वर्ण कलश की स्थापना
सवाईपुर ( सांवर वैष्णव ):- सवाईपुर क्षेत्र के जाटों का सोपुरा गांव में गुरुवार को गाजे-बाजे के साथ भव्य कलशयात्रा निकाली गई, इसके साथ ही तेजाजी महाराज के नवनिर्मित मंदिर में मूर्ति स्थापना एवं मंदिर शिखर पर स्वर्ण कलश की स्थापना महोत्सव की शुरुआत हुई । ग्रामीणों ने बताया कि तेजाजी महाराज के मंदिर का निर्माण पूर्ण होने पर 25 मई सोमवार को मंदिर में मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा और मंदिर शिखर पर स्वर्ण कलश की स्थापना की जाएगी । इसको लेकर पांच दिवसीय पंच कुण्डीय विष्णु महायज्ञ एवं स्वर्ण कलश स्थापना की शुरुआत आज गुरुवार सुबह 10:15 बजे चामुंडा की माताजी मंदिर से 251 कलशों में जल भरकर कलशयात्रा प्रारंभ हुई, कलश यात्रा में 251 महिलाएं एवं युवतियां सज धजकर सिर पर कलश लेकर शामिल हुई, इसके साथ कलश यात्रा ढोल नगाड़े व डीजे के साथ गांव के विभिन्न मार्गो से होते हुए गुजरी, जहां पर जगह-जगह ग्रामीणों द्वारा पुष्प वर्षा कर कलश यात्रा व शोभायात्रा का स्वागत किया गया, इस भक्तगण भक्तिमय भजनों पर भाव विभोर होकर नाचते झूमते हुए चले, वहीं महिलाओं ने मंगल गीत भी गाए । सुबह 11:15 बजे कलशयात्रा तेजाजी चौक में पहुंची । जहां यज्ञशाला की परिक्रमा लगाने के बाद जल से भरे कलशों व झंडों को स्थापित किया गया । दोपहर बाद मंडप प्रवेश किया गया । जहां पंडितों के वैदिक मंत्रोच्चार के साथ ग्राम देवी-देवताओं का आहवान कर स्थापित किया । 5 कुंड पर 35 जोड़ो ने आहुतियां लगाई । सोमवार 25 मई को प्रातः 7:00 बजे तेजाजी महाराज की मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा व स्वर्ण कलश की स्थापना होगी ।।

भीषण गर्मी में पैदल चली महिलाएं, टैंकर से किया पानी का छिड़काव

कलशयात्रा सुबह 10:15 बजे चामुंडा माताजी मंदिर प्रांगण से प्रारंभ हुई, लेकिन तब तक भीषण गर्मी के चलते कलश लेने वाली महिलाओं, चारभुजानाथ के बैवाण को लेकर चलने वालों और झंडा व झंडियां लेने वाले के पैर गर्मी से पतने लगे, इनसे पैरों को बचाने के लिए कलशयात्रा व शोभायात्रा के आगे-आगे टैंकर से पानी का छिड़काव करते हुए चले, जिससे लोगों को राहत मिली ।।