हरीश आंजना स्नातकोत्तर महाविद्यालय में भारतरत्न स्वर्गीय राजीव गांधी की 35 वीं पुण्यतिथि पर बलिदान दिवस कार्यक्रम आयोजित
छोटीसादड़ी,21 मई,2026
ज़ाकिर हुसैन
स्मार्ट हलचल।हरीश आंजना स्नाकोत्तर महाविद्यालय में गुरुवार को भारतरत्न एवं देश के पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गांधी की 35 वीं पुण्यतिथि बलिदान दिवस के रूप में श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाई गई। महाविद्यालय परिसर में आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने स्वर्गीय राजीव गांधी के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
महाविद्यालय प्राचार्य डॉ. दीपक मंडेला ने जानकारी देते हुए बताया कि कार्यक्रम का शुभारंभ अकैडमी डायरेक्टर डॉ. जगन्नाथ सोलंकी द्वारा दीप प्रज्वलन एवं भारतरत्न स्वर्गीय राजीव गांधी के चित्र पर माल्यार्पण कर किया गया। कार्यक्रम का वातावरण श्रद्धा, प्रेरणा एवं राष्ट्रसेवा की भावना से ओतप्रोत रहा।
इस अवसर पर अकैडमी डायरेक्टर डॉ. जगन्नाथ सोलंकी ने अपने उद्बोधन में कहा कि स्वर्गीय राजीव गांधी ने 21वीं सदी के आधुनिक भारत की नींव रख देश को तकनीकी एवं विकासशील सोच की नई दिशा प्रदान की। उन्होंने कहा कि युवा शक्ति पर विश्वास करते हुए राजीव गांधी ने मतदान की आयु 21 वर्ष से घटाकर 18 वर्ष की, जिससे देश के युवाओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भागीदारी का अवसर मिला।
डॉ. सोलंकी ने कहा कि पंचायती राज व्यवस्था को सशक्त बनाकर राजीव गांधी ने लोकतंत्र को गांव-गांव तक मजबूत किया तथा दूरसंचार, सूचना प्रौद्योगिकी एवं कम्प्यूटरीकरण के माध्यम से भारत को आधुनिक युग में प्रवेश दिलाने का ऐतिहासिक कार्य किया। उन्होंने महिला सशक्तिकरण, सामाजिक भागीदारी एवं राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने के लिए अनेक दूरदर्शी निर्णय लिए, जिनका लाभ आज भी देश को मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि शिक्षा एवं ग्रामीण प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से जवाहर नवोदय विद्यालयों की स्थापना जैसी योजनाएं राजीव गांधी की दूरदर्शी सोच का परिणाम हैं, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिला।
महाविद्यालय प्राचार्य डॉ. दीपक मंडेला ने अपने संबोधन में कहा कि स्वर्गीय राजीव गांधी ने समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण को केंद्र में रखकर नई शिक्षा नीति, नई स्वास्थ्य नीति, आवास नीति एवं सिंचाई नीति जैसी अनेक दूरगामी योजनाओं की आधारशिला रखी, जिसने देश के विकास को नई गति प्रदान की। उन्होंने कहा कि राजीव गांधी का व्यक्तित्व युवाओं के लिए सदैव प्रेरणास्रोत बना रहेगा।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्रोफेसर राहुल जोशी, कार्यालय अधीक्षक अजय कुमार यादव, प्रोफेसर भगवानलाल कामड़, नसरीन आरा, सपना बेस, गोविंद रजक, सुनीता रेगर, भैयालाल गायरी, चौथमल मीणा, नितेश सहित महाविद्यालय परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।
