रिपोर्ट: शिव लाल जांगिड़, लाडपुरा
बड़लियास (स्मार्ट हलचल)। बेड़च नदी पुल पर सीसी सड़क निर्माण कार्य में गुणवत्ता को लेकर बरूंदनी और बड़लियास के ग्रामीणों ने मोर्चा खोल दिया है। ठेकेदार द्वारा मानकों की अनदेखी कर किए जा रहे कार्य पर ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर विरोध जताया और काम रुकवा दिया।
ग्रामीणों के कड़े विरोध और ठेकेदार को मौके पर बुलाने के बाद, काम तो फिर से शुरू हुआ, लेकिन स्थिति में कोई सुधार नहीं दिखा। आरोप है कि ठेकेदार ने ग्रामीणों को शांत करने के लिए बेहद हल्के और नाममात्र सरिये डाल दिए हैं। इतना ही नहीं, इन सरियों को भी तकनीकी रूप से सही तरीके से सेट नहीं किया गया है, जिससे सड़क की मजबूती पर बड़ा सवाल खड़ा हो गया है।
ग्रामीणों ने जताई बड़े हादसे की आशंका
पुल से गुजरने वाले भारी ट्रकों और वाहनों के दबाव को देखते हुए सीसी सड़क में भारी सरिये का जाल बिछाना अनिवार्य है। लेकिन यहाँ केवल ‘खानापूर्ति’ की जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि अभी जांच नहीं हुई, तो सरकारी बजट का दुरुपयोग होगा और सड़क जल्द ही उखड़ जाएगी।
“हमने ठेकेदार को मौके पर बुलाकर घटिया काम के बारे में बताया, लेकिन उनके द्वारा केवल औपचारिकता निभाई जा रही है। हम प्रशासन से इस भ्रष्ट कार्य की तुरंत जांच की मांग करते हैं।” – स्थानीय ग्रामीण (बरूंदनी-बड़लियास)










