ग्राम पंचायत अलीगढ़ की दीवार पर ही गंदगी-स्वच्छ भारत मिशन की उड़ाई जा रही धज्जियां

अलीगढ़ में भाजपा नेता पर खुलेआम पेशाब कर स्वच्छता अभियान की अनदेखी के आरोप

टोंक/अलीगढ़। स्मार्ट हलचल।केंद्र और राज्य सरकार जहां स्वच्छ भारत मिशन के तहत गांवों और कस्बों को स्वच्छ बनाने के लिए करोड़ों रुपये खर्च कर जागरूकता अभियान चला रही है, वहीं दूसरी ओर कुछ जिम्मेदार और पढ़े-लिखे लोग ही इस अभियान की धज्जियां उड़ाते नजर आ रहे हैं। ऐसा ही एक मामला ग्राम पंचायत अलीगढ़ का है, जहां पंचायत भवन की बाहरी दीवार के पास एक स्थानीय भाजपा नेता द्वारा नियमित रूप से खुलेआम पेशाब किए जाने की चर्चा क्षेत्र में बनी हुई है।
जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत अलीगढ़ द्वारा स्वच्छता को लेकर दीवारों पर स्पष्ट संदेश लिखवाए गए हैं कि “कृपया कचरा निर्धारित स्थान पर डालें” तथा “आप कैमरे की नजर में हैं, यहां पेशाब करना मना है।” इसके बावजूद भी संबंधित व्यक्ति खुलेआम दीवार के पास पेशाब करते दिखाई देते हैं, जिससे स्वच्छता अभियान पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
गौरतलब है कि इसी मार्ग से पंचायत समिति अलीगढ़, ग्राम पंचायत कार्यालय तथा सवाई माधोपुर रोड की ओर जाने वाले सैकड़ों लोगों का प्रतिदिन आवागमन रहता है। यहां से महिलाएं, स्कूली छात्र-छात्राएं और आम राहगीर गुजरते हैं, जिन्हें इस तरह की हरकतों के कारण असहज स्थिति का सामना करना पड़ता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि ग्राम पंचायत द्वारा स्वच्छ भारत मिशन के तहत कचरा संग्रहण वाहन गली-मोहल्लों में भेजकर लोगों को साफ-सफाई के प्रति जागरूक किया जाता है। वाहन पर स्वच्छता आधारित गीतों और संदेशों के माध्यम से लोगों से सार्वजनिक स्थानों को साफ रखने की अपील की जाती है। लेकिन जब राजनीतिक मंचों पर स्वच्छता की बातें करने वाले लोग ही नियमों की अनदेखी करते नजर आएं तो आमजन में गलत संदेश जाता है।
लोगों ने सवाल उठाया है कि जब दीवार पर साफ तौर पर “यहां पेशाब करना मना है” लिखा हुआ है और क्षेत्र सीसीटीवी निगरानी में है, तब भी नियमों की खुलेआम अवहेलना क्यों की जा रही है? स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन और ग्राम पंचायत से ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई कर सार्वजनिक स्थलों पर स्वच्छता नियमों की सख्ती से पालना सुनिश्चित करवाने की मांग की है।