15 वर्षीय किशोरी संदिग्ध परिस्थितियों में लापता, पिता ने पड़ोसी युवक पर लगाया बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप

खखरेरू/स्मार्ट हलचल।फतेहपुर थाना क्षेत्र के एक गांव से 15 वर्षीय किशोरी के लापता होने का मामला सामने आया है। पीड़ित पिता ने पड़ोसी युवक पर किशोरी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। साथ ही आरोपियों द्वारा धमकी और अभद्रता करने का भी आरोप लगाया है।

पीड़ित पिता के अनुसार 17 मई की दोपहर तेज गर्मी और लू के कारण परिवार के लोग घर के भीतर आराम कर रहे थे। इसी दौरान उनकी 15 वर्षीय बेटी अचानक घर से गायब हो गई। परिजनों ने आसपास और रिश्तेदारी में काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चल सका। देर शाम जानकारी मिली कि गांव का नरेंद्र कुमार पुत्र फेरन कथित रूप से किशोरी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है।

पीड़ित का आरोप है कि जब वह युवक के घर पहुंचा और बेटी के बारे में जानकारी ली, तो नरेंद्र के पिता फेरन तथा उसका भाई अनुरूप पुत्र राम सरोमन गाली-गलौज और अभद्रता करने लगे। विरोध करने और पुलिस को सूचना देने की बात कहने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई।

पिता ने बताया कि किशोरी घर से करीब पांच हजार रुपये नगद और चांदी की पायल भी साथ ले गई है। पीड़ित ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई कर बेटी को सकुशल बरामद करने की मांग की है।

इस संबंध में थाना प्रभारी विद्या प्रकाश सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। तहरीर के आधार पर जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।